menu-icon
India Daily

वर्दी छोड़कर चुनाव में उतरे IPS, जनता ने नकारा; आप छोड़ आए पूर्व विधायक का भी वही हाल

गुजरात में पंचायत चुनाव में IPS अधिकारी ने इस्तीफा देकर चुनाव लड़ने का निर्णय लिया, लेकिन उनको वहां हार का सामना करना पड़ा.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
वर्दी छोड़कर चुनाव में उतरे IPS, जनता ने नकारा; आप छोड़ आए पूर्व विधायक का भी वही हाल
Courtesy: X

गुजरात में हुए स्थानीय निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी  ने अपना दबदबा बरकरार रखते हुए शानदार क्लीन स्वीप किया है. नगर निगमों, नगर पालिकाओं और जिला पंचायतों में पार्टी ने प्रचंड जीत हासिल की है, लेकिन इस भगवा सुनामी के बीच भी बीजेपी के कुछ हाई-प्रोफाइल उम्मीदवारों को करारी शिकस्त झेलनी पड़ी है. इनमें सबसे ज्यादा चर्चा पूर्व आईपीएस अधिकारी मनोज निनामा और आम आदमी पार्टी छोड़कर आए पूर्व विधायक भूपत भायाणी की हार की हो रही है.

VRS लेकर राजनीति में उतरे

गुजरात कैडर के पूर्व आईपीएस अधिकारी मनोज निनामा को पुलिस विभाग में 42 साल की लंबी सेवा का अनुभव था. उनका रिटायरमेंट 31 मई को होने वाला था, लेकिन चुनावी अखाड़े में किस्मत आजमाने के लिए उन्होंने ठीक पहले स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) ले ली और बीजेपी में शामिल हो गए. पार्टी ने उन्हें अरावली जिले के शामलाजी तालुका की ओध जिला पंचायत सीट से ऐन मौके पर उम्मीदवार बनाया था.

राज्य मंत्री पी.सी. बरंडा करीबी दोस्त

निनामा के राजनीति में आने के पीछे उनके करीबी दोस्त, पूर्व IPS और वर्तमान में गुजरात सरकार के राज्य मंत्री पी.सी. बरंडा का बड़ा हाथ माना जाता है. निनामा ने चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी थी, लेकिन उन्हें निराशा ही हाथ लगी. सबसे दिलचस्प बात यह है कि निनामा को कांग्रेस की सेजल गोहेल ने हराया, जो चुनाव से ठीक पहले बीजेपी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुई थीं.

बीजेपी में आए पूर्व विधायक भी ढेर

बीजेपी के लिए दूसरी बड़ी शर्मिंदगी भूपत भायाणी की हार रही. भायाणी पहले आम आदमी पार्टी के विधायक थे, लेकिन बाद में विधायक पद और पार्टी दोनों से इस्तीफा देकर बीजेपी में आ गए. बीजेपी ने उन्हें जिला पंचायत सदस्य का टिकट दिया था, लेकिन दल-बदल को शायद जनता ने स्वीकार नहीं किया. भायाणी को उसी आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार के हाथों करारी शिकस्त मिली, जिसे वे छोड़कर आए थे.

किसान नेता ने बचाई लाज

इन बड़े झटकों के बीच, बीजेपी के लिए राहत की बात यह रही कि आम आदमी पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए किसान नेता राजू करापाड़ा अपना चुनाव जीतने में सफल रहे. हालांकि, सुरेंद्रनगर जिले की मूली-2 सीट से चुनाव लड़ने वाले पार्टी के एक अन्य उम्मीदवार को हार का सामना करना पड़ा. इस चुनाव ने यह साबित कर दिया है कि सत्ता की लहर के बावजूद जमीनी समीकरण और उम्मीदवारों का दल-बदल जनता के फैसलों पर बड़ा असर डालता है.