नई दिल्ली: भारतीय सेना की पश्चिमी कमान ने पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान को एक बार फिर कड़ा और स्पष्ट संदेश दिया है कि सीमा पार से होने वाली किसी भी नापाक हरकत का जवाब इस बार पहले से कहीं अधिक भीषण और घातक होगा. सेना के शीर्ष अधिकारियों ने पुष्टि की है कि 'ऑपरेशन सिन्दूर 2.0' वर्तमान में सक्रिय है और इसके तहत तैयारियों का पैमाना पिछले साल के मुकाबले कहीं अधिक व्यापक और मारक है.
इस सैन्य रणनीति की पृष्ठभूमि पिछले साल मई में हुए पहलगाम आतंकी हमले से जुड़ी है, जिसमें 26 निर्दोष लोगों की जान गई थी. उस हमले के प्रतिशोध में भारतीय सशस्त्र बलों ने 'ऑपरेशन सिन्दूर' लॉन्च किया था, जिसके तहत पाकिस्तान और पीओके में मौजूद आतंकी बुनियादी ढांचे पर सटीक सैन्य हमले किए गए थे. 2 कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (GOC) लेफ्टिनेंट जनरल राजेश पुष्कर ने पठानकोट में युद्ध क्षमता प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों को बताया कि उस कार्रवाई ने पाकिस्तान को महज चार दिनों के भीतर घुटनों पर ला दिया था. उन्होंने खुलासा किया कि पाकिस्तान के डीजीएमओ ने खुद फोन कर युद्ध रोकने की गुहार लगाई थी. जनरल पुष्कर के अनुसार- 'वह ऑपरेशन सिर्फ एक छोटा सा ट्रेलर था, जिसका असल मकसद प्रशिक्षण और दुश्मन को उसकी औकात बताना था.'
पश्चिमी कमान के जीओसी-इन-सी लेफ्टिनेंट जनरल मनोज कुमार कटियार ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ द्वारा दी जाने वाली 'परमाणु धमकियों' को सिरे से खारिज कर दिया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत अब पाकिस्तान के इस 'परमाणु झांसे' से डरने वाला नहीं है. लेफ्टिनेंट जनरल कटियार ने कहा- 'शहबाज शरीफ परमाणु हथियारों का डर दिखाकर हमें कड़ी कार्रवाई करने से रोकना चाहते हैं, लेकिन हम उनके इस झांसे को बेनकाब करेंगे.' उन्होंने जोर देकर कहा कि भारतीय सेना किसी भी उकसावे पर इस बार पिछले साल से कहीं अधिक कठोर प्रतिक्रिया देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पूर्व में ही स्पष्ट कर दिया है कि आतंकवाद के खिलाफ भारत की 'जीरो टॉलरेंस' नीति के तहत 'ऑपरेशन सिन्दूर' की प्रक्रिया अनवरत जारी रहेगी. सेना ने चेतावनी दी है कि 'ऑपरेशन सिन्दूर 2.0' का स्वरूप इस बात पर निर्भर करेगा कि दुश्मन को कितना नुकसान पहुंचाना है. चाहे जमीन हो, समुद्र हो या आसमान, भारतीय सेना हर मोर्चे पर दुश्मन को उसकी दहलीज के भीतर तबाह करने की क्षमता और तत्परता रखती है.