T20 World Cup 2026

Indian Army Appointment: पैरा स्पेशल फोर्स के वीर योद्धा को मिली सेना की नई कमान, 1 अगस्त से संभालेंगे पदभार

लेफ्टिनेंट जनरल पुष्पेंद्र सिंह को 1 अगस्त से भारतीय सेना का नया उप प्रमुख नियुक्त किया गया है. वे 1987 में पैरा स्पेशल फोर्सेज में शामिल हुए थे और 35 वर्षों से अधिक की सेवा में कई प्रमुख अभियानों और अंतरराष्ट्रीय मिशनों का हिस्सा रहे हैं. उन्हें सेना पदक दो बार और अति विशिष्ट सेवा पदक मिल चुका है.

Social Media
Km Jaya

Indian Army Appointment: भारतीय सेना के पैरा स्पेशल फोर्सेज के वरिष्ठ अधिकारी लेफ्टिनेंट जनरल पुष्पेंद्र सिंह को उप सेना प्रमुख यानी Vice Chief of Army Staff नियुक्त किया गया है. वह 1 अगस्त 2025 से यह पदभार संभालेंगे. वे लेफ्टिनेंट जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि का स्थान लेंगे. लेफ्टिनेंट जनरल पुष्पेंद्र सिंह की नियुक्ति भारतीय सेना के लिए एक अहम कदम मानी जा रही है.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 4 पैरा स्पेशल फोर्सेज में कमीशन पाए पुष्पेंद्र सिंह ने अब तक के 35 वर्षों से अधिक के सैन्य जीवन में कई महत्वपूर्ण अभियानों में हिस्सा लिया है. इनमें 'ऑपरेशन पवन', 'ऑपरेशन मेघदूत', 'ऑपरेशन रक्षक' और 'ऑपरेशन ऑर्चिड' शामिल हैं. उन्होंने संयुक्त राष्ट्र के शांति मिशनों के तहत लेबनान और श्रीलंका में भी सेवाएं दी हैं. उनकी सेवा, नेतृत्व और समर्पण के लिए उन्हें अति विशिष्ट सेवा पदक और दो बार सेना पदक से सम्मानित किया गया है.

राइजिंग स्टार कॉर्प्स

पुष्पेंद्र सिंह ने अप्रैल 2022 से 'राइजिंग स्टार कॉर्प्स' के जनरल ऑफिसर कमांडिंग के रूप में अपनी सेवाएं दी हैं. इस पद पर रहते हुए उन्होंने सीमा सुरक्षा और रणनीतिक संचालन में अहम भूमिका निभाई. उनके नेतृत्व में सेना की तैयारियों और संचालन क्षमता में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला.

युद्धक तैयारियों के क्षेत्र में योगदान

भारतीय सैन्य अकादमी के पूर्व छात्र रहे सिंह ने न केवल सैन्य नेतृत्व में उत्कृष्टता दिखाई है, बल्कि रणनीतिक सोच और युद्धक तैयारियों के क्षेत्र में भी महत्त्वपूर्ण योगदान दिया है. उनकी यह नियुक्ति के समय में हुई है जब भारत की सीमाओं पर सुरक्षा को लेकर चुनौतियां लगातार बदल रही हैं. विशेषज्ञ मानते हैं कि लेफ्टिनेंट जनरल सिंह का विशेष बलों में अनुभव और गहन रणनीतिक समझ सेना के संचालन में नई दिशा प्रदान करेगी. रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि सिंह का सेवा रिकॉर्ड, उनके नेतृत्व कौशल और अनुभव को देखते हुए उन्हें इस अहम पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है.