देशभर में मौसम का कहर, आंधी-बारिश से फसल प्रभावित; इन राज्यों में IMD का अलर्ट जारी
देशभर में पश्चिमी विक्षोभ के कारण आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी है. 18 राज्यों में अलर्ट जारी हुआ है और किसानों की फसल को भारी नुकसान हुआ है.
नई दिल्ली: देशभर में पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम ने अचानक करवट ले ली है और आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश ने कई राज्यों में तबाही मचा दी है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने 18 राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है. उत्तर भारत के कई हिस्सों में ओलावृष्टि से किसानों की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है और कई जगह पेड़ उखड़ने व बिजली व्यवस्था प्रभावित होने की खबरें सामने आई हैं.
दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और बिहार समेत कई राज्यों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई है. कई इलाकों में ओले गिरने से खेतों में खड़ी फसल बर्बाद हो गई है. मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव 7 और 8 अप्रैल को और अधिक देखने को मिलेगा, जिससे मौसम और खराब हो सकता है.
आज कैसा रहेगा मौसम?
IMD के मुताबिक 5 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी हो सकती है, जिससे नुकसान बढ़ सकता है.
आने वाले दिनों में कैसी होगी स्थिति?
पूर्वी और मध्य भारत के राज्यों में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा. 7 और 8 अप्रैल को बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में आंधी-तूफान और बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्र में भी गरज के साथ बारिश और ओले गिर सकते हैं.
दक्षिण भारत के राज्यों जैसे केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और तेलंगाना में 4 से 8 अप्रैल के बीच बारिश का अनुमान है. पूर्वोत्तर राज्यों असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में भी तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी रह सकता है.
कितना रहेगा तापमान?
मौसम विभाग के अनुसार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण अगले सात दिनों तक देश के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य या सामान्य से कम रह सकता है. इससे गर्मी से राहत तो मिलेगी लेकिन खराब मौसम से जनजीवन प्रभावित रहेगा.
राजधानी में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली में 4 से 7 अप्रैल के बीच मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा और शाम के समय हल्की बारिश व तेज हवाएं चल सकती हैं. उत्तर प्रदेश में भी 7 और 8 अप्रैल को फिर से आंधी-तूफान और ओलावृष्टि का खतरा बना हुआ है. बिहार में 5, 6 और 9 अप्रैल को बारिश तथा 7 और 8 अप्रैल को तेज हवाओं के साथ ओले गिरने की संभावना जताई गई है.
मध्य प्रदेश में भी कई जिलों में भारी बारिश और ओलावृष्टि ने हालात बिगाड़ दिए हैं. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है.
और पढ़ें
- अलग-अलग महिलाओं के साथ 121 MMS, बुजुर्ग गिरफ्तार; पहले पुलिस में दर्ज कराई थे एक्सटॉर्शन की शिकायत
- 'शिंदे और खरात के बीच फोन पर 17 बार हुई बातचीत', महिला के खुलासे से मचा सियासी भूचाल; कांग्रेस ने उठाए सवाल
- रसोई गैस के लिए अब नहीं चाहिए अड्रेस प्रूफ, प्रवासियों और छात्रों के लिए बेस्ट ऑप्शन; बस 10 मिनट में हाथ में होगा सिलेंडर