menu-icon
India Daily

ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत का सख्त रुख बरकरार, पाक विमानों पर हवाई प्रतिबंध 23 अगस्त तक बढ़ाया, जानें वजह

भारत ने पाकिस्तान के विमानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध को 23 अगस्त 2025 तक बढ़ा दिया है. यह फैसला बढ़ते सुरक्षा तनाव और पहलगाम आतंकी हमले के बाद लिया गया. पाकिस्तान ने भी इसी के जवाब में भारतीय विमानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र को 24 अगस्त तक बंद कर दिया है. दोनों देशों ने मई से अब तक बार-बार NOTAM जारी कर इस टकराव को जारी रखा है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत का सख्त रुख बरकरार, पाक विमानों पर हवाई प्रतिबंध  23 अगस्त तक बढ़ाया, जानें वजह
Courtesy: Social Media

पाकिस्तानी विमानों के लिए हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध को भारत ने  23 अगस्त 2025 तक बढ़ा दिया है. यह निर्णय केंद्र सरकार द्वारा जारी एक नई Notice to Airmen के जरिए मंगलवार को लिया गया. केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोळ ने जानकारी दी कि यह विस्तार मौजूदा रणनीतिक और सुरक्षा संबंधी प्राथमिकताओं के अनुरूप है.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह प्रतिबंध सबसे पहले 1 मई को लागू हुआ था, जब भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान पाकिस्तान के विमानों पर प्रतिबंध लगाया था. इसका सीधा संबंध 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले से है, जिसमें 26 लोगों की जान गई थी, जिनमें एक विदेशी नागरिक भी शामिल था. इसके दो दिन बाद पाकिस्तान ने भारतीय विमानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र को बंद कर दिया था. फिर भारत ने 30 अप्रैल से जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तानी विमानों पर प्रतिबंध लगा दिया.

भारत ने जारी की नवीनतम NOTAM

भारत द्वारा जारी नवीनतम NOTAM के अनुसार, पाकिस्तानी पंजीकृत विमान, या ऐसे विमान जो पाकिस्तान के स्वामित्व, संचालन या लीज पर हैं. चाहे वे नागरिक हों या सैन्य, भारतीय हवाई क्षेत्र में प्रवेश नहीं कर सकेंगे. इससे पहले 24 जून को इस प्रतिबंध को जुलाई 24 तक बढ़ाया गया था, और अब इसे और एक महीने के लिए बढ़ा दिया गया है.

भारतीय विमानों के लिए प्रतिबंध

उधर पाकिस्तान ने भी  24 अगस्त 2025 तक भारतीय विमानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध को आगे बढ़ा दिया है. पाकिस्तान एयरपोर्ट्स अथॉरिटी द्वारा 18 जुलाई को जारी एक NOTAM के अनुसार, यह प्रतिबंध 18 जुलाई शाम 3:50 बजे से प्रभावी हुआ और 24 अगस्त सुबह 5:19 बजे तक लागू रहेगा. यह प्रतिबंध भारत के सभी पंजीकृत, स्वामित्व वाले, या संचालित नागरिक व सैन्य विमानों पर लागू होगा.

क्षेत्रीय तनाव और सुरक्षा की चिंता

दोनों देशों ने मई महीने से अब तक कई बार इन प्रतिबंधों को आगे बढ़ाया है, जो क्षेत्रीय तनाव और सुरक्षा चिंताओं को दर्शाता है. इस हवाई टकराव का असर दोनों देशों की विमान सेवाओं, खासकर अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर भी पड़ा है.