Gallantry Awards: 19 जवानों को शौर्य चक्र, 9 को कीर्ति चक्र; राष्ट्रपति ने मंजूर किए 78 वीरता पुरस्कार
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 78 वीरता पुरस्कारों को मंजूरी दी. इनमें नौ कीर्ति चक्र, 19 शौर्य चक्र और सेना, नौसेना व वायुसेना के कई पदक शामिल हैं.
देश के वीर जवानों को स्वतंत्रता दिवस से पहले बड़ा सम्मान मिला है. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 78 वीरता पुरस्कारों और 89 मेंशन इन डिस्पैचेज को मंजूरी दी है. पुरस्कार पाने वालों में सेना, नौसेना, वायुसेना और गृह मंत्रालय के तहत काम करने वाले सुरक्षाकर्मी शामिल हैं. इनमें 13 सम्मान मरणोपरांत दिए जाएंगे.
नौ कीर्ति चक्र और 19 शौर्य चक्र का ऐलान
राष्ट्रपति ने इस बार नौ कीर्ति चक्र, एक शौर्य चक्र बार और 19 शौर्य चक्र को मंजूरी दी है. कीर्ति चक्र शांतिकाल में दिया जाने वाला देश का दूसरा सर्वोच्च वीरता पुरस्कार है. इस सम्मान के लिए लेफ्टिनेंट कर्नल मानेओ फ्रांसिस, मेजर जितेंद्र राठी और हवलदार गजेंद्र सिंह के नाम शामिल हैं. गृह मंत्रालय के तहत काम करने वाले हेड कांस्टेबल जगबीर सिंह, कांस्टेबल जसवंत सिंह, बलविंदर सिंह, तारिक हुसैन, हेड कांस्टेबल बशीर अहमद और एसटीएफ इंस्पेक्टर सुनील कुमार को भी कीर्ति चक्र मिलेगा. हवलदार गजेंद्र सिंह को यह सम्मान मरणोपरांत दिया जाएगा. असम राइफल्स के मेजर आदित्य प्रताप सिंह को शौर्य चक्र बार दिया गया है.
36 जवानों को सेना मेडल
शौर्य चक्र पाने वालों में मेजर परमवीर, मेजर तरुण वासुदेवन, नायब सूबेदार शंकर राम, हवलदार जगतार सिंह और लांस नायक नरेंद्र सिंधु समेत 19 जवान शामिल हैं. नरेंद्र सिंधु को यह सम्मान मरणोपरांत दिया जाएगा. नौसेना के लेफ्टिनेंट कमांडर शिवम कुमार और वायुसेना के स्क्वॉड्रन लीडर सुधीर कुमार को भी शौर्य चक्र मिलेगा. इसके अलावा डीएसपी धीरज सिंह कटोच, इंस्पेक्टर अजय सिंह चिब समेत गृह मंत्रालय के छह कर्मचारियों को भी यह सम्मान दिया जाएगा. राष्ट्रपति ने वीरता के लिए 36 सेना पदक भी मंजूर किए हैं. इनमें कर्नल पुष्कर विजय चौधरी, मेजर मोहित पोडिया और कैप्टन करण सिंह चीमा जैसे नाम शामिल हैं. पांच जवानों को सेना मेडल मरणोपरांत मिलेगा.
Also Read
सेना, नौसेना और वायुसेना के जवान भी सम्मानित
राष्ट्रपति ने वीरता के लिए पांच सेना मेडल बार, तीन नौसेना पदक और पांच वायुसेना पदकों को भी मंजूरी दी है. सेना से जुड़े कई अधिकारियों और जवानों के अलावा नौसेना के कमांडर विनीत शर्मा, कमांडर युवराज कुमार और अविनाश अन्नासो को भी सम्मान मिलेगा. वायुसेना से ग्रुप कैप्टन राहुल जगोटा, ग्रुप कैप्टन राहुल रावत, विंग कमांडर आशीष राजपूत, फ्लाइट लेफ्टिनेंट यश और पैराशूट जंप इंस्ट्रक्टर एमडब्ल्यूओ रविंदरजीत सिंह के नाम शामिल हैं. इसके साथ ही विशिष्ट सेवा के लिए 89 मेंशन इन डिस्पैचेज को मंजूरी दी गई है. इनमें सेना के 75, नौसेना के चार और वायुसेना के 10 कर्मचारी शामिल हैं. इस सूची में 13 वीरता पुरस्कार मरणोपरांत दिए जाएंगे.