Independence Day 2026

लाल किले से दिखेगा आजादी का जश्न, ऐसे पाएं 15 अगस्त समारोह में एंट्री

15 अगस्त 2026 को दिल्ली के लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित होगा. समारोह में जाने के लिए टिकट Aamantran पोर्टल से बुक किए जा सकते हैं.

Pinterest
Km Jaya

नई दिल्ली: भारत अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त 2026 को मनाएगा. दिल्ली के लाल किले पर होने वाला मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह इस बार भी देशभर के लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेगा. कार्यक्रम में प्रधानमंत्री द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराना और राष्ट्र को संबोधित करना शामिल होगा. इस साल एक खास बदलाव भी देखने को मिलेगा. स्वतंत्रता दिवस समारोह में राष्ट्रगीत वंदे मातरम् का पूरा संस्करण पहली बार गाया जाएगा.

स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने के लिए टिकट आमतौर पर सरकार के AAMANTRAN पोर्टल के जरिए बुक किए जाते हैं. सबसे पहले आधिकारिक Aamantran पोर्टल खोलें और किसी अनजान वेबसाइट या थर्ड पार्टी ऐप से टिकट बुक करने से बचें.

क्या है प्रॉसेस?

पोर्टल पर Book your Tickets Here विकल्प चुनें. मोबाइल नंबर से रजिस्ट्रेशन करें या पहले से अकाउंट होने पर लॉगिन करें. इसके बाद Book Ticket सेक्शन में Independence Day 2026 कार्यक्रम चुनें.


अब Guest List विकल्प में जाकर समारोह में शामिल होने वाले प्रत्येक व्यक्ति की जानकारी दर्ज करें. पहचान सत्यापन के लिए सरकारी पहचान पत्र की जानकारी या उसकी तस्वीर मांगी जा सकती है. जानकारी भरने के बाद Book Ticket सेक्शन में वापस जाएं और टिकटों की संख्या, टिकट कैटेगरी और एनक्लोजर ग्रुप चुनें.

कितनी होती है कीमत?

पिछले साल सामान्य टिकट की कीमत 20 रुपये, स्टैंडर्ड टिकट 100 रुपये और प्रीमियम टिकट 500 रुपये थी. 2026 के टिकट की कीमत उपलब्धता और आधिकारिक पोर्टल पर जारी जानकारी के अनुसार देखनी होगी. भुगतान डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या UPI से किया जा सकता है. भुगतान के बाद ई टिकट डाउनलोड कर लें और जरूरत हो तो उसका प्रिंट भी रखें.

फिलहाल पोर्टल पर No tickets are available दिखाई दे रहा है. इसलिए लोग आधिकारिक पोर्टल पर उपलब्धता की जानकारी दोबारा जांचते रहें.

समारोह में जाने वालों के लिए जरूरी नियम

जिस पहचान पत्र से टिकट बुक किया गया है, वही पहचान पत्र आयोजन स्थल पर साथ लेकर जाना जरूरी है. 5 साल से अधिक उम्र के बच्चों के लिए आधार कार्ड और अलग टिकट जरूरी है. सुरक्षा बलों के निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा.

समारोह स्थल पर बैग, खाने पीने का सामान, पावर बैंक, चार्जर, कैमरा, ईयरफोन, लैपटॉप, टैबलेट, पानी की बोतल, परफ्यूम, छाता, ज्वलनशील सामान और किसी भी तरह की धारदार या प्रतिबंधित वस्तु ले जाने की अनुमति नहीं होगी. टिकट दूसरे व्यक्ति को ट्रांसफर नहीं किया जा सकता. बारिश की स्थिति में रेनकोट ले जाने की अनुमति है, लेकिन छाता प्रतिबंधित रहेगा.

सुबह 4 बजे से चलेगी दिल्ली मेट्रो

लाल किले के आसपास सीमित पार्किंग व्यवस्था को देखते हुए स्वतंत्रता दिवस के दिन दिल्ली मेट्रो सुबह 4 बजे से संचालित होगी. समारोह में जाने वाले लोग मेट्रो का इस्तेमाल कर सकते हैं. कार्यक्रम की सीटिंग व्यवस्था और विस्तृत शेड्यूल की आधिकारिक जानकारी अभी जारी होना बाकी है. आयोजन से जुड़े रूट और पार्किंग मैप की जानकारी भी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है.