दिल्ली में IIT का छात्र खुदकुशी के लिए मेट्रो के सामने कूदा, लगानी पड़ी इमरजेंसी ब्रेक, अस्पताल में भर्ती

घटना दिल्ली के तिलक नगर मेट्रो स्टेशन पर देर शाम करीब पौने सात बजे की है. यहां आंध्र प्रदेश का रहने वाला एक छात्र प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर द्वारका जाने वाली मेट्रो का इंतजार कर रहा था.

Naresh Chaudhary

Delhi News: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से एक बड़ी खबर सामने आ रही है. यहां आईआईटी के एक छात्र ने मेट्रो के सामने कूद कर अपनी जान देने की कोशिश की है. हालांकि मेट्रो पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया, लेकिन फिर भी छात्र के सिर में गंभीर चोट लगी है. घायल छात्र को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. 

द्वारका जाने के लिए तिलक नगर मेट्रो स्टेशन पर खड़ा था छात्र

जानकारी के मुताबिक ये घटना दिल्ली के तिलक नगर मेट्रो स्टेशन पर देर शाम करीब पौने सात बजे की है. यहां आंध्र प्रदेश का रहने वाला एक छात्र प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर द्वारका जाने वाली मेट्रो का इंतजार कर रहा था. इसी दौरान मेट्रो भी आ गई. बताया गया है कि तभी छात्र ने खुदकुशी करने का प्रयास किया और मेट्रो के सामने छलांग लगा दी. ये देख मेट्रो के पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगा दी, लेकिन फिर भी छात्र को गंभीर चोट आई हैं.

सीआईएसएफ और मेट्रो कर्मचारियों ने छात्र को निकाला और भर्ती कराया

घटना के बाद स्टेशन पर हड़कंप मच गया. सीआईएसएफ और मेट्रो कर्मचारियों ने छात्र को पटरियों से उठाया और फिर सीधे डीडीयू अस्पताल में भर्ती कराया. अधिकारियों का कहना है कि छात्र के पास मिले दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान कराई जा रही है. 

14 दिसंबर को मेट्रो के गेट में फंसी थी महिला की साड़ी, कई मीटर घसीटती गई

बता दें कि 14 दिसंबर को भी मेट्रो में एक महिला के साथ घटना हुई थी. महिला अपने बच्चे के साथ मेट्रो में सफर कर रही थी. तभी इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन पर उसकी साड़ी मेट्रो के गेट में फंस गई थी. इसके कारण महिला कई मीटर कर घसीटती हुई चली गई थी. आखिर में महिला पटरियों पर गिर गई थी. महिला को गंभीर चोटें आई थी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया.