गुरुग्राम में दिल दहला देने वाली घटना, 4 नाबालिग बच्चों को बंधक बनाकर प्राइवेट पार्ट्स पर पेट्रोल डाला; 2 आरोपी गिरफ्तार

गुरुग्राम के डीएलएफ फेज 3 स्थित एक पीजी में चार नाबालिग बच्चों को बंधक बनाकर प्रताड़ित किया गया. आरोपियों ने बच्चों की माताओं के मौके पर पहुंचने और गुहार लगाने के बाद उन्हें रिहा कर दिया.

x
Antima Pal

गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम में डीएलएफ फेज-3 इलाके की एक पेइंग गेस्ट सुविधा में चार नाबालिग बच्चों के साथ बेहद क्रूर व्यवहार की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. आरोपियों ने बच्चों को बंधक बनाकर बुरी तरह पीटा, कथित तौर पर कपड़े उतारे और उनके प्राइवेट पार्ट्स पर पेट्रोल डाल दिया. पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाकी की तलाश जारी है.

गुरुग्राम में दिल दहला देने वाली घटना

घटना की शुरुआत सोमवार को हुई, जब एक मां काम से लौटीं तो उन्हें अपना 12 साल का बेटा घर पर नहीं मिला. बच्चे की तलाश में निकलीं तो उन्हें दूसरी महिला मिली, जिसके दो बच्चे भी गायब थे. दोनों माताएं मिलकर बच्चों को ढूंढने लगीं. काफी खोजबीन के बाद वे डीएलएफ फेज-3 के एक पीजी पहुंचीं, जहां 4-5-6 लोग बच्चों को एक कमरे में बंधक बनाकर रखे हुए थे.

4 नाबालिग बच्चों को बंधक बनाकर प्राइवेट पार्ट्स पर पेट्रोल डाला

आरोपियों ने बच्चों पर चोरी का शक जताया. उन्होंने कहा कि बच्चे पास में बन रही इमारत से सरिया या लोहे की चोरी करने वाले थे. इस शक में उन्होंने बच्चों को बंधक बनाया. रिपोर्ट्स के अनुसार बच्चों को बुरी तरह पीटा गया, कपड़े उतारे गए, गर्म चम्मच से जलाया गया और प्राइवेट पार्ट्स पर पेट्रोल डाल दिया गया. यह क्रूरता कई घंटों तक चली. माताओं के पहुंचने पर भी आरोपियों ने उन्हें धमकाया और लंबे समय तक दलीलें सुनने के बाद बच्चों को छोड़ा.

माताओं ने तुरंत डीएलएफ फेज-3 पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और जांच शुरू की. दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. पूछताछ में उन्होंने कबूल किया कि वे बच्चों को चोरी के शक में बंधक बनाकर सजा दे रहे थे. पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश कर रही है. यह घटना POCSO एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज की गई है, जिसमें गंभीर यौन अपराध, गलत तरीके से कैद करना, आग लगाने की लापरवाही और धमकी शामिल हैं.