राजस्थान में इतना बरसा पानी, सड़कें बनीं सरोवर, बह गई मोटरसाइकिल
राजस्थान में रविवार को जबरदस्त बारिश हुई. ओल्ड टोंक इलाके में सड़कें दरिया बन गईं और पानी घरों और दुकानों में घुस गया. जबरदस्त बारिश के बाद आम जीवन अस्त-व्यस्त हो गया. जयपुर सहित राज्य के 24 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. पिछले 24 घंटे में भरतपुर के डीग में सबसे ज्यादा बारिश (65 एमएम) दर्ज हुई है.
Rajasthan Rains: राजस्थान में आंधी-बारिश का दौर जारी है. रविवार को राजस्थान के टोंक में लगातार एक घंटे तक इतनी बारिश हुई कि वहां की सड़कें दरिया बन गईं. दुकानों-मकानों सब में पानी घुस गया. ऐसा लग रहा था कि यहां कोई सड़क है ही नहीं केवल नदी है जो सालों से बह रही है. टोंक में पिछले 24 घंटे में 65 एमएम तक बारिश देखने को मिली है. रविवार को जयपुर सहित राज्य के 24 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
काली पलटन इलाके में घरों-दुकानों में घुसा पानी
टोंक में सुबह 9 बजे से 10 तक तेज बारिश हुई है. सुबह 10.30 बजे तक बारिश हल्की हो गई. बारिश के बाद पुराने टोंक शहर की गलियों में पानी का जबरदस्त बहाव देखने को मिला. पानी के इस जबरदस्त उफान से जहां कई लोगों को परेशानी महसूस हुई वहीं नौजवान और बच्चे इस पानी में मौच मस्ती करते दिखे. शहर के काली पलटन इलाके में पानी दुकानों और घरों के अंदर घुस गया.
Also Read
पानी में बही मोटरसाइकिल
सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी सामने आया है जहां ओल्ड टोंक इलाके में गलियों में इस कदर पानी भरा कि एक मोटरसाइकिल उसमें तैर गई. कुछ लोगों ने उस मोटरसाइकिल को पकड़ने की कोशिश की लेकिन वो नाकाम रहे.
भरतपुर के डीग में सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटे में भरतपुर के डीग में सबसे ज्यादा बारिश (65 एमएम) दर्ज हुई है. कोटा, सीकर, दूदू, किशनगढ़ के एरिया में एक इंच से ज्यादा बारिश हुई है. बादल छाने, बारिश होने से प्रदेश के तापमान में भी गिरावट आई. जयपुर, अजमेर, सीकर, पिलानी, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, धौलपुर में दिन का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे चला गया.