मानसून का कहर, नवी मुंबई के कुछ इलाकों में हुआ ट्रैफिक जाम और जलजमाव; IMD का अलर्ट जारी

मुंबई और नवी मुंबई में भारी बारिश से कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई है. आईएमडी ने मुंबई के लिए बुधवार से शुक्रवार तक ऑरेंज अलर्ट, जबकि पालघर के लिए रेड अलर्ट जारी किया है.

@ANI X Account
Km Jaya

मुंबई: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई और नवी मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया है. कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे सड़क यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ. अंधेरी, मलाड, मुलुंड और नवी मुंबई के एपीएमसी मार्केट क्षेत्र सहित कई स्थानों पर सड़कों पर पानी भर गया. इसके चलते कई प्रमुख मार्गों पर लंबा ट्रैफिक जाम देखने को मिला.

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई के लिए अगले कुछ दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार बुधवार से शुक्रवार तक शहर में कई स्थानों पर तेज बारिश, गरज-चमक और 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. मंगलवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.


आईएमडी कहां के लिए जारी किया अलर्ट?

आईएमडी ने पालघर जिले के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. यहां अत्यधिक भारी बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है. वहीं रायगढ़ जिले में अगले पांच दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट लागू किया गया है.

सोमवार देर रात से मंगलवार तड़के तक हुई तेज बारिश ने मुंबई के उपनगरों में सबसे अधिक असर डाला. बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अनुसार, मुलुंड के वीणा नगर में सबसे अधिक 160.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि वर्सोवा में 156.8 मिलीमीटर बारिश हुई. इसके अलावा मंखुर्द, पवई, मुलुंड और अंधेरी के कई इलाकों में 100 मिलीमीटर से अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई.

कैसी थी वहां की स्थिति?

लगातार बारिश के कारण मुलुंड की एलबीएस रोड, अंधेरी सबवे और अन्य निचले इलाकों में जलभराव हो गया. इससे वाहनों की आवाजाही कुछ समय के लिए बाधित रही. नवी मुंबई में भी एपीएमसी मार्केट और हाईवे के कुछ हिस्सों में पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा.

बीएमसी और स्थानीय प्रशासन लगातार जलनिकासी और राहत कार्य में जुटे हुए हैं. संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है और लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है. प्रशासन ने नागरिकों को मौसम विभाग की सलाह का पालन करने और खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने को कहा है.

मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक मुंबई, ठाणे और आसपास के क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. ऐसे में निचले इलाकों में रहने वाले लोगों और यात्रियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.