Kal Ka Mausam 6 August 2026: यूपी-Delhi समेत कई राज्यों में मूसलाधार बारिश का खतरा, IMD ने जारी की बड़ी चेतावनी
भारत के कई राज्यों में 6 अगस्त को भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है. मौसम विभाग ने उत्तर भारत, पूर्वोत्तर, मध्य और दक्षिण भारत के कई इलाकों के लिए तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है.
देश के अधिकांश हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय होता दिखाई दे रहा है. मौसम विभाग ने 6 अगस्त के लिए कई राज्यों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. उत्तर भारत से लेकर पूर्वोत्तर, मध्य और दक्षिण भारत तक कई क्षेत्रों में तेज वर्षा, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है. कुछ स्थानों पर बिजली गिरने का भी खतरा बताया गया है. लोगों को मौसम के ताजा अपडेट पर नजर रखने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
उत्तर भारत में तेज बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार, 6 अगस्त को हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड में कई स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है. पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में भी अच्छी बारिश का अनुमान है. उत्तराखंड और राजस्थान के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है. लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है. पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और जलभराव की आशंका को देखते हुए सतर्क रहने की जरूरत बताई गई है.
मध्य और पूर्वी भारत में भी असर
पश्चिमी मध्य प्रदेश में भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी तेज वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है. छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है. बिहार, झारखंड, ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. प्रशासन ने लोगों से मौसम खराब होने पर अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है.
Also Read
पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में भारी बरसात
अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में तेज बारिश का पूर्वानुमान है. वहीं मणिपुर, मिजोरम, नागालैंड और त्रिपुरा में भी भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है. दक्षिण भारत में तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी बारिश हो सकती है. केरल, माहे, तटीय कर्नाटक और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश की संभावना है. केरल, लक्षद्वीप और तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं.
राजस्थान में फिर सक्रिय होगा मानसून
मौसम विभाग का कहना है कि राजस्थान में मानसून का असर एक बार फिर बढ़ने वाला है. 6 और 7 अगस्त से पूर्वी राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों में नया परिसंचरण तंत्र बनने की संभावना है, जिससे बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं. जोधपुर और बीकानेर संभाग में भी 7 से 9 अगस्त के बीच वर्षा बढ़ने का अनुमान है. पिछले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि डीग जिले में सबसे अधिक 66 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई.