अनंतनाग: जम्मू कश्मीर के अनंतनाग जिले में बुधवार को आतंकियों ने पुलिस दल पर हमला कर दिया. इस हमले में अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस हेड कांस्टेबल शहीद हो गए. घटना के बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर सुरक्षा बलों ने आतंकियों की तलाश के लिए व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया है.
अधिकारियों के अनुसार हमला बुधवार दोपहर करीब 12.30 बजे अनंतनाग के लाल चौक इलाके में हुआ. उस समय पुलिस दल अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था में तैनात था. इसी दौरान संदिग्ध आतंकियों ने अचानक गोलीबारी कर दी.
Terror Attack in South Kashmir A J&K Police personnel lost his life after terrorists opened fire on the Kokernag–Anantnag Road in South Kashmir. SF launched a massive search operation as trt fled
— Surjeet Singh (@Surjeet_Pun) July 22, 2026
#NaaKantiMeedhaKunuke #Valsad #HKVitalsCollagen #RaktDanSevaYadnya pic.twitter.com/YiYgsX4S56
हमले में हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन कुरैशी गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें तुरंत सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, अनंतनाग ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है.
हमले की जिम्मेदारी आतंकवादी संगठन लश्कर ए तैयबा से जुड़े बताए जाने वाले संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट ने सोशल मीडिया के जरिए लेने का दावा किया है. हालांकि सुरक्षा एजेंसियां इस दावे की भी जांच कर रही हैं.
घटना के बाद अनंतनाग शहर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है. पूरे इलाके की घेराबंदी कर आतंकियों की तलाश के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती भी की गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके.
अमरनाथ यात्रा के मद्देनजर पहले से ही अनंतनाग सहित दक्षिण कश्मीर के कई इलाकों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. लगातार खराब मौसम के कारण अमरनाथ यात्रा पिछले चार दिनों से स्थगित है, लेकिन यात्रा मार्ग और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा बल पूरी सतर्कता के साथ तैनात हैं.
सुरक्षा एजेंसियों ने कहा है कि हमले में शामिल आतंकियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है. जांच पूरी होने के बाद घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां साझा की जाएंगी.