Mp Crime: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में हुआ यह हत्याकांड केवल एक पारिवारिक विवाद का नतीजा नहीं था, बल्कि आधुनिक रिश्तों में अविश्वास, सोशल मीडिया पर दिखावे और लगातार चल रही कड़वाहट की परिणाम था. आरोपी अरविंद परिहार ने खुलेआम अपनी पत्नी नंदिनी की हत्या की और गिरफ्तारी के बाद भी उसका रवैया हिला देने वाला रहा.
हत्या के बाद आरोपी ने न सिर्फ सोशल मीडिया पर लाइव आकर अपने कृत्य को जायज ठहराने की कोशिश की, बल्कि पुलिस पूछताछ में यह भी कहा कि उसे कोई पछतावा नहीं है. उसने चौंकाने वाला बयान देते हुए कहा कि 'बस अफसोस है कि वो मेरे सामने नहीं मरी.'
12 सितंबर को नंदिनी अपने दोस्त अंकुश पाठक के साथ एसपी ऑफिस से लौट रही थीं. इसी दौरान रूप सिंह क्रिकेट स्टेडियम के पास अरविंद परिहार ने रास्ता रोक लिया और 315 बोर की पिस्तौल से पांच फायर किए. चार गोलियां नंदिनी को लगीं और उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. पूछताछ में अरविंद ने मुस्कुराते हुए कहा कि वह रोज-रोज की कलह से छुटकारा पाकर खुद को 'आजाद' महसूस कर रहा है.
पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या की वजह हाल ही में फेसबुक पर पोस्ट किया गया एक वीडियो था, जिसमें नंदिनी ने अंकुश पाठक का जन्मदिन मनाया था. यह देखकर अरविंद बुरी तरह भड़क गया. दरअसल, 2022 में दोनों की मुलाकात एक ब्यूटी पार्लर पर हुई थी और सोशल मीडिया के जरिए नजदीकियां बढ़ीं. 2023 में शादी हुई, जबकि दोनों एक-दूसरे के अतीत से वाकिफ थे. नंदिनी तलाकशुदा थीं और अरविंद पहले से शादीशुदा होने के साथ दो बच्चों का पिता था. शादी के कुछ ही महीनों बाद दोनों में अविश्वास और आरोप-प्रत्यारोप ने रिश्ते को बिगाड़ दिया.
वारदात के बाद अरविंद ने फेसबुक पर लाइव आकर दावा किया कि उसकी पत्नी झूठे केस, अंकुश के कहने पर कर रही थी. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर 15 सितंबर तक रिमांड पर लिया है. इस बीच नंदिनी के शव को लेकर भी विवाद खड़ा हो गया. उनके पिता बृजमोहन केवट ने शुरुआत में शव लेने से इनकार किया और कहा कि ससुराल पक्ष ही उसे ले जाए. लेकिन अरविंद का परिवार पीछे हट गया. अंततः पुलिस ने समझाकर शव पिता को सौंपा.
अरविंद परिहार पिछौर के पुत्थी गांव का रहने वाला है और एक किसान परिवार से आता है. परिवार के पास 60 बीघा जमीन है. वह पहले जिला पंचायत चुनाव लड़ने की तैयारी भी कर चुका था, लेकिन नाम वापस ले लिया था. हत्या के बाद उसकी पहली पत्नी ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया. इस वारदात ने समाज में गहरी चिंता पैदा कर दी है कि रिश्तों में संवाद और विश्वास की कमी कैसे खतरनाक मोड़ ले सकती है.