सड़क पर सुरंग, घरों में भरा पानी... 10 घंटे की बारिश में अहमदाबाद स्मार्ट सिटी का ऐसा हाल
Gujarat Rain: गुजरात की राजधानी गांधीनगर समेत अहमदाबाद और अन्य इलाकों में रविवार को जमकर बारिश हुई. सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक हुई बारिश के बाद स्मार्ट सिटी अहमदाबाद में विकास यानी डेवलपमेंट की पोल खुल गई. एक इलाके में सड़क धंस गई, जबकि अन्य सड़कों पर पानी भर गया. कुछ इलाकों में तो बारिश का पानी लोगों के घरों के अंदर तक पहुंच गया.
Gujarat Rain: अहमदाबाद में रविवार को हुई बारिश के बाद कई इलाकों में परेशानियां देखने को मिली. इसके अलावा, कुछ इलाकों में बारिश ने विकास कार्यों की पोल भी खोल दी. सूरत, भुज, वापी, भरूच और अहमदाबाद में बाढ़ के कारण कई सड़कें और अंडरपास में पानी भर गया. मौसम विभाग के अनुसार गुजरात में अगले चार दिनों तक बारिश का दौर जारी रहेगा.
स्मार्ट सिटी अहमदाबाद में भारी बारिश के कारण एक मुख्य सड़क धंस गई , जिससे कई घंटों तक ट्रैफिक प्रभावित हुआ. वहीं, भारी बारिश के बाद निचले इलाकों में पानी भर गया. न्यूज एजेंसी ANI की ओर से शेयर किए गए एक वीडियो में भारी बारिश के कारण शहर के शेला इलाके में सड़क धंसी हुई दिखाई दे रही है. सड़क के बीचों-बीच एक बड़ा गड्ढा बना दिखा.
सड़क पर गड्ढा होने की घटना सामने आने के बाद कांग्रेस की केरल इकाई ने राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा पर कटाक्ष किया. केरल कांग्रेस ने सड़क का एक वीडियो पोस्ट किया और लिखा कि अहमदाबाद स्मार्ट सिटी में हाल ही में अंडरग्राउंड रेनवाटर हार्वेस्टिंग फैसिलिटी का उद्घाटन किया गया. इससे ये सुनिश्चित होता है कि पानी की एक भी बूंद अरब सागर में लीक न हो.
Also Read
स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (State Emergency Operations Center) ने बताया कि रविवार को सुबह छह बजे से शाम चार बजे के बीच मात्र 10 घंटों में 43 तालुकाओं में 40 मिमी से अधिक बारिश हुई, जबकि पलसाना तालुका में 153 मिमी बारिश हुई.