Assembly Election 2026 West Bengal Assembly Election 2026

बेटे पर राजभवन के कर्मचारी को पीटने का आरोप, राज्यपाल दास बोले- हर हाल में होगा न्याय

ओडिशा के राज्यपाल रघुबर दास के बेटे ने कथित तौर पर राजभवन के एक कर्मचारी के साथ मारपीट की थी. उन्होंने कर्मचारी को धमकी दी थी कि अगर वह उसकी हत्या भी कर देंगे तो भी उसे कोई नहीं बचा सकता है. पीड़ित ने अपनी पत्नी के साथ राज्यपाल से मुलाकात की. राज्यपाल ने पीड़ित की पत्नी को हर हाल में न्याय दिलाने का भरोसा दिया है.

social media
India Daily Live

Odisha News: कुछ दिनों पहले बेटे द्वारा कथित तौर पर राजभवन के एक कर्मचारी को पीटे जाने की घटना पर ओडिशा के राज्यपाल रघुबर दास ने चुप्पी तोड़ी है. उन्होंने पीड़ित की पत्नी को न्याय का भरोसा दिलाया है. बता दें कि राज भवन के एक कर्मचारी बैकुंठ प्रधान ने आरोप लगाया है कि राज्यपाल रघुबर दास के बेटे ललित कुमार ने 6 अन्य लोगों के साथ 7 जुलाई की रात उनके साथ मापरीट की थी.

पत्नी के साथ राज्यपाल से मिले पीड़ित

इसके बाद प्रधान ने अपनी पत्नी सायोज के साथ शुक्रवार को राज्यपाल से मुलाकात की थी और आपबीती बताई थी. रघुबर दास ने उन्हें न्याय दिलाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया था.मीडिया से बातचीत में बैकुंठ प्रधान की पत्नी सायोज ने कहा कि राज्यपाल ने उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया है.

उन्होंने कहा, 'हर किसी को पता है कि 7 जुलाई को हमारे साथ क्या हुआ था. राज्यपाल ने हमें बुलाया और हमने उनसे मुलाकात की. उन्होंने हमें न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया है. उन्होंने कहा कि हम उनके परिवार हैं.'

पुलिस में दर्ज कराई थी शिकायत
बता दें कि शुक्रवार को ओडिशा के पुरी के सी बीच पुलिस स्टेशन में इसको लेकर शिकायत दर्ज की गई थी. इससे पहले बैकुंठ प्रधान ने इस मामले को लेकर राज्यपाल को चिट्ठी भी लिखी थी. अपनी चिट्ठी में प्रधान ने लिखा था, 'माननीय ललित कुमार ने मुझे धमकी दी थी कि अगर उन्होंने मेरी हत्या कर दी तो मुझे कोई नहीं बचा सकता न ही नियंत्रक न ही कोई और.'

ललित कुमार ने क्यों की थी मारपीट
रिपोर्ट्स के अनुसार, राज्यपाल के बेटे ललित कुमार ने उन्हें पिक करने के लिए लग्जरी कार नहीं भेजी थी, जिसके बाद उन्होंने प्रधान को बुरी तरह पीटा था.