बच्चों के यौन शोषण वाले कंटेंट पर Google सख्त, भारतीय अधिकारियों को सीधे देगा जानकारी

Google ने भारत में बच्चों के यौन शोषण से जुड़े कंटेंट की जानकारी सीधे भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र यानी I4C को देने की व्यवस्था शुरू करने का प्रस्ताव दिया है, जिससे कार्रवाई तेज हो सके.

X
Ashutosh Rai

Google ने बच्चों के यौन शोषण से जुड़े ऑनलाइन कंटेंट के खिलाफ भारत में अपनी रिपोर्टिंग व्यवस्था बदलने का फैसला किया है. कंपनी अब ऐसे मामलों की जरूरी जानकारी सीधे भारतीय अधिकारियों तक पहुंचाने की तैयारी में है. पहले इस तरह की रिपोर्ट अमेरिका की संस्था NCMEC के जरिए आगे भेजी जाती थी.

Google सीधे I4C को देगा जरूरी जानकारी

Google के प्रवक्ता के मुताबिक कंपनी बच्चों के यौन शोषण से जुड़े कंटेंट को रोकने के लिए लगातार काम कर रही है. कंपनी ऐसे कंटेंट की पहचान, उसे हटाने और उसकी रिपोर्टिंग के लिए तकनीक और दूसरे संसाधनों में निवेश करती है. भारत सरकार के साथ बातचीत के बाद Google ने भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) को संबंधित मामलों में जरूरी जानकारी देने की व्यवस्था शुरू करने का प्रस्ताव रखा है. रिपोर्ट के मुताबिक Google ने इस बदलाव को लेकर I4C और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय से भी संपर्क किया है.


पहले अमेरिका की संस्था तक जाती थी रिपोर्ट

अब तक अमेरिका की बड़ी टेक कंपनियां बच्चों के यौन शोषण से जुड़े कंटेंट की रिपोर्टिंग मुख्य रूप से अमेरिका स्थित National Center for Missing & Exploited Children (NCMEC) को करती थीं. इसके बाद संबंधित जानकारी कानून लागू करने वाली एजेंसियों तक पहुंचती थी. भारत में अधिकारियों को ऐसी जानकारी मिलने में समय लगने की बात सामने आती रही है. नई व्यवस्था में Google से मिलने वाली जानकारी सीधे भारतीय साइबर अपराध तंत्र तक पहुंच सकेगी, जिससे मामलों पर कार्रवाई के लिए जरूरी जानकारी जल्दी मिलने की उम्मीद है.

बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा पर बढ़ा फोकस

भारत में बच्चों को ऑनलाइन शोषण से बचाने को लेकर सरकार और बड़ी टेक कंपनियों के बीच सहयोग बढ़ रहा है. I4C देश में साइबर अपराध से जुड़े मामलों पर काम करने वाला गृह मंत्रालय का प्रमुख केंद्र है और National Cyber Crime Reporting Portal भी इसी व्यवस्था का हिस्सा है. इससे पहले Meta ने भी बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मामलों की जानकारी सीधे I4C के साइबर अपराध पोर्टल को देने पर सहमति जताई थी. Google का यह कदम भी इसी दिशा में आगे बढ़ता दिखाई दे रहा है.