आसमान में अचानक इंजन हुआ फेल, गोवा से दिल्ली जा रही IndiGo फ्लाइट की मोपा एयरपोर्ट पर कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग

गोवा से दिल्ली जा रही IndiGo की फ्लाइट 6E 2102 के एक इंजन में उड़ान भरने के कुछ मिनट बाद तकनीकी खराबी सामने आई. चलिए जानते हैं कैसी है अभी स्थिति.

Pinterest
Km Jaya

गोवा से दिल्ली जा रही IndiGo की फ्लाइट 6E 2102 के एक इंजन में उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद तकनीकी खराबी की सूचना मिली. स्थिति को देखते हुए विमान को वापस गोवा के मोपा एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया गया, जहां उसकी सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं.

रिपोर्ट के अनुसार IndiGo की फ्लाइट 6E 2102 ने मंगलवार सुबह करीब 9:16 बजे गोवा के मनोहर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी. उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद विमान के एक इंजन में खराबी की जानकारी सामने आई. इसके बाद पायलट और एयर ट्रैफिक कंट्रोल के बीच संपर्क हुआ और विमान को वापस गोवा लाने का फैसला किया गया.


कब हुई इमरजेंसी लैंडिंग?

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एयर ट्रैफिक कंट्रोल यानी ATC ने करीब 9:30 बजे फुल इमरजेंसी घोषित कर दी. इसके बाद विमान को दिल्ली की ओर आगे ले जाने के बजाय वापस मोपा एयरपोर्ट की तरफ मोड़ दिया गया. विमान की सुरक्षित लैंडिंग के लिए एयरपोर्ट पर जरूरी तैयारियां की गईं.

बताया गया है कि फ्लाइट ने सुबह करीब 9:51 बजे रनवे 28 पर सुरक्षित लैंडिंग की. इसके बाद विमान को स्टैंड नंबर 6 पर पार्क किया गया. विमान के सुरक्षित तरीके से पार्क होने के बाद ATC ने करीब 10:03 बजे फुल इमरजेंसी समाप्त कर दी.

यात्रियों की सुरक्षा के लिए क्या की गई व्यवस्था?

विमान के उतरने के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. यात्रियों को एयरपोर्ट के बोर्डिंग एरिया में ठहराया गया है. फिलहाल किसी यात्री के घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है.

क्या है फ्लाइट के प्रस्थान का संशोधित समय?

दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए फ्लाइट के प्रस्थान का संशोधित समय दोपहर 3:30 बजे बताया गया है. हालांकि, यह समय विमान को जरूरी तकनीकी और ऑपरेशनल क्लीयरेंस मिलने पर निर्भर करेगा. यात्रियों को आगे की जानकारी एयरलाइन की ओर से दी जाएगी.

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि विमान के इंजन में किस तरह की तकनीकी खराबी आई थी. विमान में कितने यात्री और क्रू सदस्य सवार थे, इसकी जानकारी भी अभी सामने नहीं आई है. घटना के बाद विमान की तकनीकी जांच की जाएगी, जिसके आधार पर खराबी की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी.