पहली मास्टरशेफ इंडिया विनर को हुआ ब्रेस्ट कैंसर, अस्पताल के बेड से लिखा इमोशनल मैसेज
फैंस के साथ अपनी फोटो शेयर करते हुए पंकज भदौरिया ने लिखा, 'मुझे ब्रैस्ट कैंसर का पता चला है, आपकी दुआओं की जरूरत है.'
सेलिब्रिटी शेफ और पहली मास्टरशेफ इंडिया विनर पंकज भदौरिया ने खुलासा किया है कि उन्हें स्तन कैंसर का पता चला है. बुधवार को पंकज ने अस्पताल के बेड से अपनी एक तस्वीर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर की जिसमें इलाज और मेडिकल टेस्ट के दौरान उन्होंने मरीज के कपड़े पहने हुए हैं और उनके शरीर पर कुछ मेडिकल तार बंधे हुए हैं.
तस्वीर के साथ लिखा भावुक मैसेज
अपनी फोटो के साथ भदौरिया ने अपने फैंस के लिए एक भावुक मैसेज लिखा, 'मुझे ब्रेस्ट कैंसर का पता चला है, आपकी दुआओं की जरूरत है.' उनके इस पोस्ट पर तुरंत उनके फैंस और फॉलोअर्स के मैसेज आने लगे. कई लोगों ने उनके समर्थन और हौसला बढ़ाने वाले मैसेज भेजे.
'यह रहने के लिए सुखद जगह नहीं'
पंकज ने अस्पताल से एक शॉर्ट वीडियो भी अपलोड किया जिसमें वह अस्पताल के गाउन में बैठी हुई दिखाई दे रही हैं और उनके हाथ में कैनुला लगा हुआ है. वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा, 'लगातार टेस्ट पर टेस्ट हो रहे हैं...यह रहने लायक जगह नहीं है.'एक अन्य वीडियो संदेश में शेफ ने निजी तौर पर अपने फैंस को संबोधित किया और अपनी बीमारी पर खुलकर बात की.
Also Read
उन्होंने कहा, 'मैं आप लोगों को बताना चाहती हूं कि मुझे ब्रेस्ट कैंसर हुआ है क्योंकि आप लोग मेरे परिवार की तरह हैं इसलिए मैं आपसे यह सब निजी तौर पर शेयर कर रही हूं. मुझे सच में आप लोगों की दुआओं और साथ की जरूर है. कहते हैं कि दुआएं चमत्कार करती हैं, इसलिए कृपया मेरे लिए दुआएं करते रहें.'
2010 में जीता था मास्टरशेफ इंडिया
पंकज भदौरिया उस समय भारत के लिए जाना पहचाना नाम बन गईं जब उन्होंने साल 2010 में मास्टरशेफ इंडिया का पहला सीजन जीता. इस कुकिंग रियलिटी शो को एक्टर अक्षय कुमार ने होस्ट किया था. इस शो को जीतने के बाद वह भारत की सेलेब्रिटी शेफ बन गईं. इस रियलिटी शो में उतरने पंकज एक इंग्लिश टीचर के तौर पर कार्यरत थीं. अपने सपने को साकार करने के लिए उन्होंने अपने 16 साल के टीचिंग करियर को छोड दिया था और रियलिटी शो में हिस्सा लिया.
शो को जीतने के बाद पंकज ने कई सारे कुकिंग शोज होस्ट किए जिसके कारण उनके फैंस की संख्या बढ़ती गई. उन्होंने कई सारे टेलीविजन कुकिंग शोज भी किए जैसे शेफ पंकज का जायका, किफायती किचन, 3 कोर्स विद पंकज, रसोई से पंकज भदौरिया के साथ. समय के साथ उन्होंने यूट्यूब पर भी दस्तक दी जहां वह अपने फैंस के लिए लगातार नई-नई रेसेपी और कुकिंग आइडियाज शेयर करती रहती हैं.