menu-icon
India Daily

केतन हत्याकांड में सरकार सख्त, फास्ट ट्रैक कोर्ट में होगी सुनवाई; CM फडणवीस ने पीड़ित पिता को दिलाया न्याय का भरोसा

केतन अग्रवाल हत्याकांड में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पीड़ित परिवार को न्याय का भरोसा दिया है. सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने और वरिष्ठ अधिवक्ता उज्ज्वल निकम को विशेष लोक अभियोजक नियुक्त करने का फैसला लिया है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
केतन हत्याकांड में सरकार सख्त, फास्ट ट्रैक कोर्ट में होगी सुनवाई; CM फडणवीस ने पीड़ित पिता को दिलाया न्याय का भरोसा
Courtesy: @CMOMaharashtra X Account

पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मृतक के पिता विशाल अग्रवाल से मुलाकात कर मामले में दोषियों को कड़ी सजा दिलाने का भरोसा दिया है. सरकार ने इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने का निर्णय लिया है. साथ ही वरिष्ठ अधिवक्ता उज्ज्वल निकम को विशेष लोक अभियोजक नियुक्त करने की मांग भी स्वीकार कर ली गई है.

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से सोशल मीडिया पर जारी जानकारी के अनुसार केतन अग्रवाल के पिता विशाल अग्रवाल ने पुणे में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर अपने बेटे के लिए न्याय की मांग की. मुख्यमंत्री ने परिवार को भरोसा दिलाया कि दोषियों को कानून के अनुसार कड़ी से कड़ी सजा दिलाने में सरकार कोई कमी नहीं छोड़ेगी.

सरकार ने इस मामले में क्या दिए हैं निर्देश?

सरकार ने मामले की सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं. इसके अलावा वरिष्ठ अधिवक्ता उज्ज्वल निकम को विशेष लोक अभियोजक नियुक्त करने की मांग भी मंजूर कर ली गई है. कानून एवं न्याय विभाग के सचिव को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं. उज्ज्वल निकम ने भी इस मामले में विशेष लोक अभियोजक के रूप में कार्य करने की सहमति दे दी है.

पुणे के 26 वर्षीय कारोबारी केतन अग्रवाल की 18 जून 2026 को लोहागढ़ किले पर ट्रेकिंग के दौरान गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई थी. शुरुआत में इसे दुर्घटना माना गया था, लेकिन पुलिस जांच के दौरान मामला कथित हत्या की साजिश में बदल गया.

पुलिस जांच में क्या आया सामने?

पुलिस जांच के अनुसार, केतन की सगाई सिया गोयल से हुई थी और दोनों की शादी नवंबर 2026 में प्रस्तावित थी. जांच में आरोप है कि सिया गोयल और चेतन चौधरी के बीच प्रेम संबंध था. पुलिस का दावा है कि दोनों ने कथित रूप से केतन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई.

पुलिस के मुताबिक 18 जून को सिया गोयल केतन को लोहागढ़ किले लेकर गई, जबकि चेतन चौधरी पहले से वहां मौजूद था. जांच एजेंसियों का आरोप है कि सिया के इशारे पर चेतन ने केतन को खाई में धक्का दे दिया और बाद में घटना को हादसा दिखाने की कोशिश की गई.

और क्या-क्या हुए खुलासे?

जांच में यह भी दावा किया गया है कि यह कथित हत्या का पहला प्रयास नहीं था. पुलिस के अनुसार इससे पहले भी केतन को नुकसान पहुंचाने की कथित कोशिशें की गई थीं, जो सफल नहीं हो सकीं. फिलहाल मामले की जांच जारी है और अदालत में आरोप साबित होना बाकी है.