अस्पताल से वाहन न मिलने पर परिवार ने 4 किलोमीटर तक कंधे पर उठाया शव; KTR ने कांग्रेस सरकार पर बोला हमला
तेलंगाना से एक काफी दर्दनाक मामला सामने आया है. जिसमें अस्पताल की ओर से एक व्यक्ति के शव को ले जाने के लिए एक गाड़ी तक नहीं दी गई. जिसके बाद परिवार वालों को मृतक के शव को अपने कंधे पर उठाकर ले जाना पड़ा.
तेलंगाना से एक दर्दनाक मामला सामने आ रहा है. राज्य के सरकारी अस्पताल में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जिसके बाद उसके परिवार वालों को शव ले जाने के लिए अस्पताल से गाड़ी तक नहीं मिली. जिसका नतीजा यह हुआ कि मजबूर परिवार को अपने एक रिश्तेदार के शव को कंधों पर उठाकर ले जाना पड़ा.
तेलंगाना के भद्राचलम के रहने वाले कंडी वेंकन्ना को पिछले हफ्ते भीषण गर्मी बर्दाश्त नहीं कर पाने के कारण 'हीटस्ट्रोक' हो गया था. जिसके बाद उन्हें पास के एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया. हालांकि इलाज के दौरान ही उस व्यक्ति की मौत हो गई.
क्या है पूरा मामला?
मिल रही जानकारी के मुताबिक जिस अस्पताल में व्यक्ति की मौत हुई, वहां ऐसी आपात स्थितियों के लिए एक एंबुलेंस मौजूद थी. लेकिन फिर भी अस्पताल वालों की ओर से कोई मदद नहीं मिली. जिसके कारण मृतक के परिवार वालों ने अपने रिश्तेदारों की मदद से व्यक्ति के शव को लगभग चार किलोमीटर तक अपने कंधों पर उठाकर ले गए.
अधिकारियों ने बताया कि इस बात की जांच के लिए एक शुरुआती जांच के आदेश दिए गए हैं कि समय पर शव ले जाने वाली गाड़ी क्यों उपलब्ध नहीं कराई गई. इस घटना के बाद BRS नेताओं ने तेलंगाना में स्वास्थ्य सेवा और आपातकालीन सेवाओं की बदहाली को लेकर कांग्रेस सरकार पर हमला बोला है.
कांग्रेस सरकार पर बोला हमला
BRS के कार्यकारी अध्यक्ष के.टी. रामा राव ने कांग्रेस सरकार पर तेलंगाना को वापस संकट और अपमान की स्थिति में धकेलने का आरोप लगाया. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि कांग्रेस के शासन में तेलंगाना की हालत कितनी खराब हो गई है, यह समझने के लिए सिर्फ एक घटना ही काफी है.
राज्य में KCR की सरकार के दौरान एक गरीब व्यक्ति की अंतिम यात्रा भी विशेष शव वाहन सेवाओं के जरिए पूरे सम्मान के साथ की जाती थी. लेकिन आज के समय में परिवारों को शव अपने कंधों पर उठाकर ले जाना पड़ रहा है. यह दिल दहला देने वाला और शर्मनाक मामला है. सोशल मीडिया यूजर्स भी इस घटना को लेकर गुस्सा जाहिर कर रहे हैं.