बिहार चुनाव को लेकर EC का बड़ा बदलाव, अब EVM बैलेट पेपर पर रंगीन फोटो और बड़े अक्षरों में दिखेंगे उम्मीदवारों के नाम
चुनाव आयोग ने बिहार विधानसभा चुनाव से पहले ईवीएम बैलेट पेपर के डिजाइन में बड़ा बदलाव किया है. अब उम्मीदवारों की तस्वीरें रंगीन होंगी और फॉन्ट का साइज भी बड़ा रखा जाएगा.
ECI to Introduce New EVM Ballot Papers: भारत में चुनाव प्रक्रिया को और पारदर्शी व सुगम बनाने के लिए चुनाव आयोग लगातार सुधार कर रहा है. इसी कड़ी में आयोग ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के बैलेट पेपर के डिजाइन और प्रिंटिंग से जुड़ी गाइडलाइंस में संशोधन की घोषणा की है. अब बिहार विधानसभा चुनाव से शुरू होकर सभी ईवीएम में उम्मीदवारों की रंगीन तस्वीरें होंगी और नाम बड़े फॉन्ट में छपेंगे.
चुनाव आयोग के अनुसार, अब ईवीएम पर उम्मीदवारों की तस्वीरें ब्लैक एंड व्हाइट नहीं बल्कि रंगीन होंगी. तस्वीर का तीन-चौथाई हिस्सा उम्मीदवार के चेहरे को दिखाने के लिए इस्तेमाल किया जाएगा. इससे मतदाताओं को उम्मीदवार की पहचान करने में आसानी होगी. आयोग का मानना है कि यह बदलाव खासकर उन मतदाताओं के लिए उपयोगी होगा जो पढ़ने-लिखने में कठिनाई महसूस करते हैं और तस्वीरों के आधार पर पहचान करना पसंद करते हैं.
बड़े फॉन्ट में नाम और नोटा
नई गाइडलाइंस के तहत उम्मीदवारों के नाम और 'नोटा' (NOTA) को एक ही प्रकार के फॉन्ट और समान साइज में बड़े अक्षरों में छापा जाएगा. आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि सभी नाम एक समानता के साथ छपेंगे ताकि किसी भी उम्मीदवार को अतिरिक्त महत्व या कम महत्व न दिया जाए. बड़े फॉन्ट से बैलेट पेपर की पठनीयता (readability) बढ़ेगी और मतदाता आसानी से विकल्प चुन पाएंगे.
Also Read
- पंजाब सीएम भगवंत मान ने शुरू किया ‘मिशन चढ़दी कला’, बाढ़ पीड़ितों के लिए की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फंड जुटाने की अपील
- 'यह हमारी बहादुर सेना का साहस था...', ऑपरेशन सिंदूर को लेकर जैश आतंकी के कबूलनामे पर बोले राजनाथ सिंह
- पुतिन के विरोधी एलेक्सी नवलनी को जहर देकर मारा गया, लैब टेस्ट में पुष्टि, पत्नी ने किया दावा
चुनाव प्रक्रिया में 28 सुधारों का हिस्सा
आयोग ने बताया कि पिछले छह महीनों में चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और सुचारू बनाने के लिए कुल 28 बड़े कदम उठाए गए हैं. इन सुधारों का मकसद मतदाताओं को ज्यादा सुविधा देना और मतदान प्रक्रिया को आधुनिक बनाना है. ईवीएम बैलेट पेपर में रंगीन तस्वीरें और बड़े फॉन्ट का यह कदम इन्हीं सुधारों की श्रृंखला का हिस्सा है. चुनाव आयोग का कहना है कि हर नया कदम मतदाता की सुविधा को ध्यान में रखकर उठाया गया है.
बिहार से होगी शुरुआत
चुनाव आयोग ने साफ किया है कि इन नए बदलावों को सबसे पहले बिहार विधानसभा चुनाव में लागू किया जाएगा. इसके बाद देशभर के चुनावों में यही फॉर्मेट अपनाया जाएगा. बिहार चुनाव को लेकर आयोग की यह पहल खास मायने रखती है, क्योंकि यहां मतदाता संख्या बड़ी है और विविध पृष्ठभूमि से आते हैं. नए बदलावों से उम्मीद की जा रही है कि मतदान प्रक्रिया और अधिक पारदर्शी व भरोसेमंद बनेगी.