IPL 2026

पश्चिम बंगाल, असम सहित पांच राज्यों में चुनाव की तारीखों का हुआ ऐलान, जानें कहां कब होगा इलेक्शन

चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल, असम, केरल तमिलनाडु और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव का ऐलान कर दिया है. असम, केरल और पुडुचेरी में 9 अप्रैल को चुनाव होगा.

pinterest
Sagar Bhardwaj

चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल, असम, केरल तमिलनाडु और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव का ऐलान कर दिया है. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि असम, केरल और पुडुचेरी में 9 अप्रैल को चुनाव होगा और नतीजे 4 मई को आएंगे. वहीं पश्चिम बंगाल में 23 और 29 अप्रैल को चुनाव होगा और नतीजे 4 मई को आएंगे. तमिलनाडु में 23 अप्रैल को चुनाव होगा और नतीजे 4 मई को आएंगे. यानी सभी पांच राज्यों के नतीजे 4 मई को ही घोषित किए जाएंगे. पश्चिम बंगाल सरकार की मांग के अनुसार इस बार राज्य में चुनाव दो ही चरणों में रखा गया है. ममता सरकार ने मांग की थी कि इस बार चुनाव कम चरणों में किया जाए. पिछली बार पश्चिम बंगाल में 8 चरणों में चुनाव हुआ था. 

प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि चुनाव की पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए चुनाव आयोग ने कई बड़े कदम उठाए हैं और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) भी उसी प्रक्रिया का हिस्सा है जिसके तहत प्रत्येक पात्र मतदाता को मतदाता सूची में बनाए रखने और अपात्र मतदाता को मतदाता सूची से बाहर करने की कोशिश की गई है.

पश्चिम बंगाल के चुनावों पर सभी की नजर

हर बार की तरह इस बार भी पश्चिम बंगाल चुनाव के नतीजों पर पैनी नजर होगी. ममता के मजबूत सिंहासन को हिलाने के लिए बीजेपी पूरी कोशिश करेगी. साल 2021 में जबरदस्त चुनाव प्रचार के बावजूद बीजेपी महज 77 सीटों पर सिमट गई थी और टीएमसी ने 294 में से 213 सीटों पर जीत हासिल की थी. वहीं 2016 में टीएमसी ने 211 सीटें जीती थीं और बीजेपी सिर्फ तीन सीटें जीत पाई थी.

तमिलनाडु में इस बार त्रिकोणीय होगा मुकाबला

वहीं तमिलनाडु में सीएम एमके स्टालिन की पार्टी डीएमके लगातार दूसरी बार सत्ता में बरकरार रहने की कोशिश करेगी. डीएमके को AIADMK और बीजेपी के गठबंधन से कड़ी चुनौती मिलने की उम्मीद है. हालांकि इस बार का चुनाव 2021 के चुनाव से ज्यादा चुनौतीभरा होगा क्योंकि इस बार तमिलनाडु के चुनाव में एक्टर से अभिनेता बने विजय की पार्टी टीवीके की भी एंट्री होने जा रही है. डीएमके और AIADMK और बीजेपी के गठबंधन को विजय की पार्टी टीवीके से जबरदस्त टक्कर मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.

2021 में डीएमके और उसके गठबंधन दल ने 234 में से 159 सीटों पर बाजी मारी थी, वहीं  AIADMK  ने बीजेपी के साथ मिलकर 66 सीटों पर कब्जा जमाया था जिसमें से बीजेपी ने मात्र 4 सीटें जीती थीं.