IPL 2026

महाराष्ट्र में बर्ड फ्लू ने बढ़ाई टेंशन, जांच के लिए NIV भेजे जाएंगे आठ सैंपल; नंदुरबार में स्वास्थ्य विभाग ने जारी किया अलर्ट

महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले में बर्ड फ्लू के बीच पोल्ट्री फार्म से जुड़े आठ लोगों के सैंपल मानव एवियन फ्लू जांच के लिए NIV पुणे भेजे जाएंगे. चलिए जानते हैं कैसी है वहां की स्थिति.

Pinterest
Km Jaya

नंदुरबार: नंदुरबार जिले में बर्ड फ्लू के खतरे के बीच स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है. महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग ने पोल्ट्री फार्म से जुड़े आठ लोगों के सैंपल मानव एवियन फ्लू जांच के लिए नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी यानी NIV पुणे भेजने का फैसला किया है. ये सभी लोग संक्रमित पक्षियों के संपर्क में आए थे या फिर पक्षियों को मारने की प्रक्रिया में शामिल थे.

जिला स्वास्थ्य अधिकारी रविंद्र सोनावणे ने बताया कि जिन लोगों के सैंपल लिए गए हैं, उनमें फिलहाल मानव एवियन फ्लू का कोई लक्षण नहीं पाया गया है. इसके बावजूद एहतियात के तौर पर सभी की निगरानी की जा रही है और उन्हें दवा दी जा रही है.

स्वास्थ्य विभाग ने क्या बताया?

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इन लोगों के नाक से स्वैब सैंपल लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए पुणे भेजा जाएगा. रिपोर्ट आने के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट होगी. अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सतर्कता बेहद जरूरी है.

प्रशासन ने क्या लिया एक्शन?

नंदुरबार जिले में हाल ही में पक्षियों में बर्ड फ्लू संक्रमण की पुष्टि हुई थी. इसके बाद प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी शुरू कर दी. संक्रमित पक्षियों को खत्म करने की प्रक्रिया भी चलाई गई ताकि बीमारी आगे न फैल सके. इसी दौरान पोल्ट्री फार्म से जुड़े कुछ लोग सीधे संक्रमित पक्षियों के संपर्क में आए थे.

स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि सभी प्रभावित कर्मचारियों को टैमीफ्लू दवा दी जा रही है. यह दवा एवियन फ्लू और अन्य वायरल संक्रमण के खतरे को कम करने के लिए इस्तेमाल की जाती है. अधिकारियों ने कहा कि यह केवल एहतियाती कदम है और अभी तक किसी व्यक्ति में संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है. अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन लोगों के सैंपल लिए गए हैं, उनमें कोई सरकारी कर्मचारी शामिल नहीं है. 

क्या है एवियन फ्लू?

एवियन फ्लू मुख्य रूप से पक्षियों में फैलने वाला संक्रमण है लेकिन संक्रमित पक्षियों के सीधे संपर्क में आने पर इंसानों में भी इसका खतरा हो सकता है. इसलिए स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित इलाकों में लोगों से सावधानी बरतने और मृत पक्षियों से दूरी बनाए रखने की अपील की है.

प्रशासन ने जिले में मेडिकल टीमों को अलर्ट पर रखा है और लगातार निगरानी की जा रही है. साथ ही पोल्ट्री फार्म मालिकों को भी सुरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं. रिपोर्ट आने तक स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है.