IMD

IMD Weather Alert: दिवाली पर बारिश का अलर्ट, दिल्ली से बिहार तक बदलेगा मौसम

दिवाली के दिन देश के कई हिस्सों में मौसम बदलने के आसार हैं. मौसम विभाग ने दक्षिण भारत के राज्यों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का पूर्वानुमान जताया है.

Pinterest
Reepu Kumari

IMD Weather Alert: दिवाली के दिन जहां देशभर में रोशनी और खुशियों का माहौल है, वहीं मौसम भी कई राज्यों में करवट लेने वाला है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अपने ताजा पूर्वानुमान में दक्षिण भारत से लेकर पूर्वी और उत्तर-पश्चिमी भारत तक बारिश की संभावना जताई है. कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक भी देखने को मिल सकती है.

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले सात दिनों तक देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसमी गतिविधियां जारी रह सकती हैं. तमिलनाडु, केरल और लक्षद्वीप में भारी बारिश की आशंका है. वहीं, 10 नवंबर से नया पश्चिमी विक्षोभ पहाड़ी राज्यों को प्रभावित कर सकता है. इसका असर आगे चलकर दिल्ली, पंजाब और हरियाणा के मौसम पर भी पड़ने की संभावना है.

दक्षिण भारत में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

दक्षिण भारत में अगले कई दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 13 नवंबर तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. 10 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की आशंका है. केरल और माहे में 8 नवंबर को कई इलाकों में बारिश हो सकती है. यहां 9 से 13 नवंबर तक भी बारिश जारी रहने का अनुमान है.


लक्षद्वीप में 8 नवंबर को व्यापक बारिश की संभावना है. इसके बाद भी 13 नवंबर तक कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 8 से 10 नवंबर के दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.

दिल्ली-एनसीआर से बिहार तक बदलेगा मौसम

उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में 11 से 13 नवंबर के बीच मौसम बदल सकता है. दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं. फिलहाल इन राज्यों में बड़े स्तर पर बारिश का अनुमान नहीं है, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के कारण तापमान में बदलाव देखने को मिल सकता है.

पूर्वी भारत में भी बारिश की संभावना जताई गई है. झारखंड में 10 और 11 नवंबर, बिहार में 11 नवंबर और ओडिशा में 10 से 12 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी 9 से 12 नवंबर तक मौसम बदला रह सकता है.

पहाड़ों में बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना

10 नवंबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है. इसके चलते जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश होने की संभावना है. ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है. जम्मू-कश्मीर और आसपास के क्षेत्रों में 11 से 13 नवंबर तक बारिश और हिमपात की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है.

मौसम विभाग ने 12 नवंबर को कश्मीर घाटी के कुछ हिस्सों में भारी बारिश या बर्फबारी की आशंका जताई है. जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और आसपास के इलाकों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं. इनकी रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है.

पूर्वोत्तर राज्यों में भी बरसेंगे बादल

पूर्वोत्तर भारत में अगले सप्ताह बारिश का असर दिखाई दे सकता है. अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 9 से 13 नवंबर तक कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. असम और मेघालय में 11 नवंबर को भारी वर्षा हो सकती है. वहीं, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 12 नवंबर तक बारिश का अनुमान है. इन राज्यों में 10 और 11 नवंबर को कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है.

मछुआरों के लिए मौसम विभाग की चेतावनी

लक्षद्वीप और आसपास के समुद्री इलाकों में खराब मौसम की आशंका को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है. यहां 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और झोंकों की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. दूसरी ओर, मध्य और पश्चिम भारत में अगले एक सप्ताह तक किसी बड़ी मौसमी गतिविधि का अनुमान नहीं है.

IMD