'यहां तो बहुत गर्मी है...' दिल्ली की आग उगलती लू ने छुड़ाए अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के पसीने
दिल्ली की तेज गर्मी और हीटवेट का प्रकोप बढ़ता जा रहा है. अमेरका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो भी इस भीषण गर्मी को झेल नहीं पाए.
दिल्ली की भीषण गर्मी विदेशी मेहमानों के लिए भी चुनौती बन गई. अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने राजधानी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान गर्मी को लेकर मजाक में बात कही. प्रेस कॉन्फ्रेंस के बीच उन्होंने कहा कि दिल्ली की गर्मी बेहद अलग और ज्यादा कठिन है. उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों की प्रतिक्रियाएं तेजी से सामने आने लगीं और राजधानी की गर्मी फिर चर्चा का विषय बन गई.
कार्यक्रम के दौरान गर्मी पर बोले रुबियो
कार्यक्रम में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए मार्को रुबियो ने साफ कहा कि वह प्रेस कॉन्फ्रेंस को ज्यादा लंबा नहीं खींचना चाहते. उन्होंने आगे कहा कि यहां मौजूद लोगों को ज्यादा देर तक गर्मी में बैठाना ठीक नहीं होगा. उनका बयान सुनते ही कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोग मुस्कुराने लगे. रुबियो का यह अंदाज काफी सहज दिखाई दिया लेकिन उनके शब्दों से यह साफ झलक रहा था कि दिल्ली की चिलचिलाती गर्मी उनसे सहन नहीं हुई.
मियामी की गर्मी से की तुलना
रुबियो ने बातचीत के दौरान अपने शहर मियामी का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि मियामी में भी गर्मी और उमस रहती है लेकिन दिल्ली की गर्मी बिल्कुल अलग महसूस होती है. उन्होंने मजाक में पूछा कि आखिर अभी समय क्या हुआ है, इस वत्त तक मौसम थोड़ा ठंडा हो जाना चाहिए था.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ बयान
मार्को रुबियो का यह बयान कुछ ही देर में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर वायरल होने लगा. कई यूजर्स ने कहा कि दिल्ली की गर्मी विदेशी मेहमानों की असली परीक्षा लेती है. कुछ लोगों ने इसे दिल्ली के मौसम की सच्चाई बताया, कुछ ने मजाकिया मीम्स भी शेयर किए. राजधानी में गर्मी का मुद्दा पहले से चर्चा में था. अब एक बड़े अमेरिकी नेता की टिप्पणी ने इसे और सुर्खियों में ला दिया है.
दिल्ली में हीटवेव बनी बड़ी चुनौती
दिल्ली में इस समय लगातार गर्म हवाएं चल रही हैं. तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है. मौसम विभाग पहले ही लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने की सलाह दे चुका है. तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है.