कोचिंग सेंटर, बेसमेंट, बारिश का पानी... UPSC की तैयारी कर रहे 3 छात्रों की मौत का जिम्मेदार कौन?
Old Rajender Nagar Incident: दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर में बड़ा हादसा हो गया. यहां एक कोचिंग संस्थान के बेसमेंट में पानी भर जाने से 3 छात्रों की जान चली गई. फिलहाल, बचाव और तलाशी अभियान जारी है. छात्रों के एक समूह ने दिल्ली नगर निगम (MCD) के खिलाफ उस जगह पर प्रदर्शन किया, जहां कोचिंग क्लास के बेसमेंट में पानी भर गया था. दिल्ली फायरब्रिगेड की टीम ने बताया कि घटना में तीन छात्रों की मौत हुई है.
Old Rajender Nagar Incident: दिल्ली के राजेंद्र नगर में एक कोचिंग संस्थान के बेसमेंट में पानी भर जाने से तीन छात्रों की मौत हो गई. तीनों छात्र यूपीएससी की तैयारी कर रहे थे. मामले में दिल्ली पुलिस ने आपराधिक मामला दर्ज किया है. साथ ही कोचिंग के मालिक को अरेस्ट कर लिया है. अब तक दो लोगों को हिरासत में लिया गया है. दिल्ली की मंत्री आतिशी ने घटनास्थल पर स्थिति का जायजा लिया और कहा कि मजिस्ट्रेट को घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं. ये घटना कुछ दिन पहले यूपीएससी की तैयारी कर रहे छात्र की दिल्ली की एक जलभराव वाली सड़क पर बिजली का करंट लगने से मौत हो जाने की घटना के बाद हुई है.
छात्रों की मौत की खबर के बाद छात्रों के एक समूह ने घटनास्थल पर दिल्ली नगर निगम यानी एमसीडी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन भी किया. वहीं, सरकार की आलोचना करते हुए दिल्ली भाजपा चीफ वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि दिल्ली नगर निगम में भ्रष्टाचार की जांच होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल, आतिशी और उनकी सरकार के भ्रष्टाचार की जांच होनी चाहिए. इस बात की जांच होनी चाहिए कि नाले की सफाई क्यों नहीं की गई क्या वे इसकी जांच का आदेश देंगे?
भाजपा नेता आरपी सिंह ने कहा कि गाद निकालने का काम समय पर नहीं हुआ. अगर गाद निकालने का काम समय पर होता तो यह नौबत नहीं आती. अधिकांश इलाकों में पानी वापस बह रहा है. विधायक या दिल्ली सरकार को जवाब देना चाहिए कि गाद निकालने का काम क्यों नहीं हुआ और इसके लिए पैसा कहां गया? राजेंद्र नगर में अन्य जगहों पर भी ऐसा हुआ है, लेकिन सौभाग्य से बेसमेंट में कोई नहीं था. दिल्ली सरकार को तत्काल आदेश जारी करना चाहिए कि बेसमेंट में कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरी नहीं चलनी चाहिए.