60-70 रुपये किलो प्याज से परेशान? दिल्ली में अब ₹35 किलो में मिलेगी, दिल्ली पहुंची 'कांदा एक्सप्रेस'
Onion Price: दिल्ली-एनसीआर में प्याज की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है. कई बाजारों में प्याज 60 से 70 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है. ऐसे में केंद्र सरकार ने लोगों को राहत देने के लिए अपने बफर स्टॉक से प्याज की रियायती बिक्री शुरू कर दी है.
Onion Price: दिल्ली-एनसीआर में प्याज की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है. कई बाजारों में प्याज 60 से 70 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है. ऐसे में केंद्र सरकार ने लोगों को राहत देने के लिए अपने बफर स्टॉक से प्याज की रियायती बिक्री शुरू कर दी है. महाराष्ट्र के नासिक से प्याज लेकर चली ‘कांदा एक्सप्रेस’ शुक्रवार को दिल्ली के आदर्श नगर रेलवे स्टेशन पहुंची. सरकार इस प्याज को आम लोगों के लिए सिर्फ 35 रुपये प्रति किलो की दर से उपलब्ध करा रही है. इसके लिए NAFED, NCCF और केंद्रीय भंडार के माध्यम से बिक्री की व्यवस्था की गई है.
₹35 किलो में मिलेगा प्याज:
दिल्ली के खुले बाजार में प्याज के दाम कई जगह 60-70 रुपये किलो तक पहुंच चुके हैं. ऐसे में सरकार का 35 रुपये किलो प्याज बेचने का फैसला लोगों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है. केंद्रीय उपभोक्ता मामले विभाग की सचिव निधि खरे ने 27 अगस्त को कृषि भवन से NCCF और NAFED की मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर रियायती प्याज की बिक्री की शुरुआत की थी. पहले दिन करीब 400 किलो प्याज बेचा गया. सरकार का उद्देश्य बफर स्टॉक में रखे प्याज को सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचाकर बाजार में बढ़ी कीमतों को कंट्रोल करना है.
Also Read
नासिक से दिल्ली पहुंची ‘कांदा एक्सप्रेस’:
प्याज की बड़ी खेप महाराष्ट्र के नासिक के लासलगांव से दिल्ली भेजी गई है. इस खेप को लेकर शुरुआती योजना में करीब 800 से 840 टन प्याज भेजने की बात सामने आई थी, लेकिन वास्तविक लोडिंग में बदलाव हुआ. उपलब्ध जानकारी के अनुसार ट्रेन में करीब 450 मीट्रिक टन प्याज लोड किया गया और इसे दिल्ली के लिए रवाना किया गया. ट्रेन अपने निर्धारित समय से करीब 26 घंटे की देरी से रवाना हुई. सरकार आने वाले दिनों में मांग और बाजार की स्थिति को देखते हुए प्याज की और खेप दिल्ली भेज सकती है.
दिल्ली में कहां मिलेगी 35 रुपये किलो प्याज?
सरकार ने शुरुआत में दिल्ली-एनसीआर के 13 स्थानों पर मोबाइल वैन के जरिए प्याज की बिक्री शुरू की थी. अब इस व्यवस्था को बढ़ाकर 40 से ज्यादा स्थानों तक किया जा रहा है. 28 अगस्त के लिए NCCF की ओर से दिल्ली में 40 से अधिक स्थानों पर 35 रुपये किलो प्याज उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई है. प्रमुख स्थानों में सीजीओ कॉम्प्लेक्स, कृषि भवन, एनसीयूआई कॉम्प्लेक्स, सीआर पार्क, पुष्पा भवन, काका जी, आईएनए मार्केट, लाजपत नगर, जंगपुरा, विश्वविद्यालय मेट्रो, नरेला, रोहिणी, शालीमार बाग, कीर्ति नगर, बवाना जे जे कॉलोनी, प्रेमनगर, दिल्ली कैंट, अलीपुर, शाहबाद और भजनपुरा शामिल हैं.
कितने बिक्री केंद्रों पर मिलेगा प्याज?
दिल्ली में रियायती प्याज बेचने के लिए कई माध्यमों का इस्तेमाल किया जा रहा है. मौजूदा व्यवस्था के तहत NAFED के करीब 13 आउटलेट और लगभग 100 केंद्रीय भंडार आउटलेट के जरिए भी प्याज उपलब्ध कराने की व्यवस्था बताई गई है. इसके अलावा SAFAL के माध्यम से भी लोगों को प्याज उपलब्ध कराया जा रहा है. सरकार आने वाले दिनों में बिक्री नेटवर्क को और बढ़ाने की तैयारी में है.