T20 World Cup 2026

गुस्से का इजहार, बदला लेने की बात... ब्लास्ट के बाद इजराइली दूतावास के पास मिली चिट्ठी में क्या-क्या लिखा?

गाजा में हमास के खिलाफ कार्रवाई के बाद लगातार इजराइल को धमकियां मिल रही हैं. फिलिस्तीन समर्थक कई देशों ने इजराइल के खिलाफ मोर्चा खोला हुआ है.

Om Pratap

Delhi Israel Embassy Blast case police found letter: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इजराइली दूतावास के पास मंगलवार शाम को धमाका हुआ. जांच पड़ताल के लिए दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल की एक टीम घटनास्थल पर पहुंची. जांच के दौरान टीम को धमाके वाली जगह से थोड़ी दूर एक चिट्ठी मिली, जो टाइप की गई थी. अंग्रेजी में टाइप की गई चिट्ठी में भारत में इजराइल के राजदूत को संबोधित करते हुए गाजा में इजराइली कार्रवाई का जिक्र किया गया है.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ब्लास्ट वाली जगह से थोड़ी दूर मिली चिट्ठी में इजराइल के खिलाफ गुस्से का इजहार किया गया है. साथ ही इजराइली कार्रवाई के खिलाफ बदला लेने की बात लिखी गई है. फिलहाल, ये जानकारी नहीं मिल पाई है कि ये चिट्ठी किसने लिखी है? क्या इस चिट्ठी का धमाके से वाकई कोई संबंध है? चिट्ठी को जांच के लिए फोरेंसिक लैब में भेजा गया है. दिल्ली में मौजूद इजराइली एंबेसी के डिप्टी चीफ ओहद नकाश कयनार के मुताबिक, सभी राजनयिक और कर्मचारी सेफ हैं. 

इजराइली एंबेसी के पास बढ़ाई गई सुरक्षा

गाजा में हमास के खिलाफ कार्रवाई के बाद लगातार इजराइल को धमकियां मिल रही हैं. फिलिस्तीन समर्थक कई देशों ने इजराइल के खिलाफ मोर्चा खोला हुआ है. मंगलवार को दिल्ली के चाणक्यपुरी में इजराइली दूतावास के पास ब्लास्ट के बाद दिल्ली समेत अन्य देशों में इजराइल के दूतावासों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है. बता दें कि इससे पहले भी इजराइली दूतावास के पास 2021 में धमाका हुआ था, जिसमें कुछ गाड़ियों को नुकसान पहुंचा था. इससे पहले 2012 में भी एक धमाका हुआ था, जिसमें एक इजराइली राजनयिक की पत्नी घायल हुई थी.