Assembly Election 2026 West Bengal Assembly Election 2026 Assam Assembly Election 2026

'कोचिंग ने नालियां ब्लॉक कीं, सिक्योरिटी की भी गलती...', ओल्ड राजेंद्र नगर हादसे पर आ गई रिपोर्ट

मुख्य सचिव की रिपोर्ट में कहा गया है कि हादसे को लेकर सुरक्षाकर्मियों की ओर से कोई सतर्कता नहीं बरती गई थी, जिसके परिमाणस्वरूप पानी निर्बाध रूप से पार्किंग क्षेत्र को पार कर बेसमेंट में प्रवेश कर गया जिसके कारण तीन बहुमूल्य जानें चली गईं. रिपोर्ट में कहा गया है कि कोचिंग सेंटर ने जल निकासी (ड्रेनेज सिस्टम) को पूरी तरह से ब्लॉक कर दिया है.

social media
India Daily Live

Rau's Ias Coaching Center Tragedy: दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर के राउज आईएएस कोचिंग सेंटर के बेसमेंट में पानी भरने से हुई तीन छात्रों की मौत के मामले में दिल्ली के मुख्य सचिव ने मंत्री आतिशी को जांच रिपोर्ट सौंप दी है. इस रिपोर्ट में कहा गया है कि कोचिंग सेंटर ने जल निकासी (ड्रेनेज सिस्टम) को पूरी तरह से ब्लॉक कर दिया है और इस प्रकार की घटनाओं से निपटने के लिए कोचिंग सेंटर ने कोई अतिरिक्त सुरक्षा उपाय भी नहीं किए हैं.

सीधे सड़क से जुड़ी हुई है पार्किंग
रिपोर्ट कहती है कि कोचिंग सेंटर का जो पार्किंग स्थल है वह सीधे सड़क से जुड़ा हुआ है और भारी बारिश की स्थिति में पानी नाले में जाने के बजाय सीधे इस पार्किंग क्षेत्र में प्रवेश करता है.

सुरक्षा कर्मियों ने बरती लापरवाही
मुख्य सचिव की रिपोर्ट में कहा गया है कि हादसे को लेकर सुरक्षाकर्मियों की ओर से कोई सतर्कता नहीं बरती गई थी, जिसके परिमाणस्वरूप पानी निर्बाध रूप से पार्किंग क्षेत्र को पार कर बेसमेंट में प्रवेश कर गया जिसके कारण तीन बहुमूल्य जानें चली गईं.

जिम्मेदार सहायक अभियंता निलंबित
रिपोर्ट के मुताबिक, हालांकि क्षेत्र की नालियों की व्यवस्था के रखरखाव के लिए जिम्मेदार सहायक अभियंता (एम-1)/केबीजेड को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है और जूनियर इंजीनियर (एम-1)/केबीजेड की सेवाएं तत्काल समाप्त कर दी गई हैं. वहीं घटना पर स्पष्टीकरण मांगने के लिए कार्यकारी अभियंता (एम-1) को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है.

20 कोचिंग सेंटरों के बेसमेंट सील

बता दें कि शनिवार को राउज आईएएस कोचिंग सेंट के बेसमेंट में पानी भरने से बेसमेंट में बनी लाइब्रेरी में पढ़ रहे तीन छात्रों की मौत हो गई थी. इस हादसे के बाद दिल्ली में अब तक 20 कोचिंग सेंटरों के बेसमेंट को सील किया गया है. सील किए गए कोचिंग सेंटरों में डॉ दिव्यकीर्ति का कोचिंग सेंटर दृष्टि आईएएस और ओझा सर का कोचिंग सेंटर भी शामिल है. बताया जा रहा कि कोचिंग सेंटरों को बेसमेंट में पढ़ाने की अनुमति नहीं है.