दिल्ली ब्लास्ट केस: NIA की जांच में एक आतंकी संगठन का खुला राज, बड़ी साजिश का हुआ पर्दाफाश!

एनआईए के अनुसार, पूछताछ के दौरान कई नए सुराग सामने आए हैं. एजेंसी का कहना है कि संदिग्ध नेटवर्क से जुड़े कई पहलुओं की जानकारी अभी जुटाई जानी बाकी है.

Anuj

नई दिल्ली: दिल्ली में हुए बम धमाके के मामले में गिरफ्तार दो आरोपियों तुफैल अहमद भट और जमीर अहमद अहंगर की एनआईए कस्टडी को पटियाला हाउस कोर्ट ने पांच दिन के लिए और बढ़ा दिया है.

विशेष अदालत ने जांच एजेंसी की दलीलें सुनने के बाद यह फैसला सुनाया. एनआईए ने कोर्ट को बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और कई अहम पहलुओं की पुष्टि के लिए आरोपियों से और पूछताछ जरूरी है.

जांच में सामने आई नई जानकारी

एनआईए के अनुसार, पूछताछ के दौरान कई नए सुराग सामने आए हैं. एजेंसी का कहना है कि संदिग्ध नेटवर्क से जुड़े कई पहलुओं की जानकारी अभी जुटाई जानी बाकी है. जांच एजेंसी को उम्मीद है कि आरोपियों से गहन पूछताछ करने पर साजिश में शामिल अन्य लोगों और उनके संपर्कों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है.

जांच में आई रुकावट

एनआईए ने कोर्ट को बताया कि जांच के दौरान कुछ प्रक्रियाओं में देरी हुई है. एजेंसी के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर में विरोध प्रदर्शन और कानून-व्यवस्था की स्थिति के कारण जांच प्रभावित हुई. इसके अलावा ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद पैदा हुए हालात के चलते भी क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति संवेदनशील बनी हुई है, जिससे कुछ जरूरी कदम समय पर पूरे नहीं हो सके.

हथियारों के ठिकानों की पहचान जरूरी

जांच एजेंसी का कहना है कि दोनों आरोपियों को जम्मू-कश्मीर ले जाना आवश्यक है. वहां उन जगहों की पहचान कराई जानी है जहां कथित तौर पर हथियार और गोला-बारूद छिपाकर रखे गए थे. एनआईए का दावा है कि इन हथियारों का इस्तेमाल आगे चलकर आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए किया जाना था. हालांकि मौजूदा हालात के कारण यह प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हो सकी.

 विदेशी संपर्क और आतंकी संगठन का शक

पूछताछ के दौरान आरोपी जमीर अहमद अहंगर ने कथित तौर पर बताया कि वह इंटरनेट के माध्यम से एक विदेशी व्यक्ति के संपर्क में था. जांच एजेंसी का कहना है कि यह व्यक्ति एक आतंकी संगठन से जुड़ा हो सकता है. एनआईए के मुताबिक, इस मामले के तार दिल्ली के अलावा लखनऊ और श्रीनगर से भी जुड़े होने की आशंका है. फिलहाल एजेंसी पूरे नेटवर्क और साजिश की कड़ियों को जोड़ने की कोशिश कर रही है.

अब तक 11 आरोपी गिरफ्तार

इस मामले में अब तक कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. वहीं मुख्य आरोपी की मौत पहले ही एक आत्मघाती हमले में हो चुकी है. तुफैल अहमद भट और जमीर अहमद अहंगर को पिछले महीने कश्मीर से गिरफ्तार किया गया था. एनआईए अब उनसे पूछताछ कर पूरे नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश कर रही है.