Cyclone Michaung: पानी में डूबा चेन्नई शहर, तीन दिन से बिजली-इंटरनेट बंद, हेलिकॉप्टर से पहुंचाया जा रहा खाना

साइक्लोन मिचौंग ने चेन्नई में काफी तबाही मचाई है. बंगाल की खाड़ी से 2 दिसंबर को उठा साइक्लोन 5 दिसंबर को आंध्र प्रदेश तट से टकराया. इसके बाद से शहर में तबाही मचा रहा है.

Gyanendra Sharma

Cyclone Michaung:  साइक्लोन मिचौंग ने चेन्नई में काफी तबाही मचाई है. बंगाल की खाड़ी से 2 दिसंबर को उठा साइक्लोन 5 दिसंबर को आंध्र प्रदेश तट से टकराया. इसके बाद से शहर में तबाही मचा रहा है. भारी बारिश से शहर पूरी तरह से डूब गया है. हर तरफ सिर्फ पानी ही पानी नजर आ रहा है.कई इलाकों में 72 घंटे से बिजली नहीं आ रही. इंटरनेट बंद पड़ा है. भारतीय वायु सेना के हेलिकॉप्टर से बाढ़ में फंसे लोगों तक खाना पहुंचाया जा रहा है. 

NDRF की 29 और SDRF की टीम रेस्क्यू कर रही

बारिश के चलते कई इलाके पिछले दो दिनों से बाढ़ में डूबे हैं. NDRF की टीम फंसे हुए लोगों को सुरक्षित स्थान पर ले जा रही है.  NDRF की 29 और SDRF की टीम ने 9500 लोगों को सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचाया. अब तक 17 लोगों की मौत हो चुकी है. CM एमके स्टालिन ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर 5060 करोड़ रुपये की सहायता राशि की मांग की है.

अक्टूबर में अरब सागर में तेज नाम का तूफान उठा था. पहले इसके भारत की तरफ आने की संभावना थी. बाद में IMD ने बताया कि चक्रवाती तूफान का गुजरात के तटीय इलाकों से टकराने का खतरा टल गया है. यह तूफान गुजरात से 1600 किमी दूर ओमान और यमन की तरफ बढ़ गया है.

देश के कई और राज्यों में असर

भारत के कई और राज्यों में इसका असर दिख रहा है. ओडिशा, झारखंड-छत्तीसगढ़ कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों बारिश की संभावना है. ओडिशा के कई जिलों में हल्की बारिश हो रही है. मौसम विभाग ने 6 दिसंबर तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. वहीं पुडुचेरी के समुद्री इलाकों के आसपास धारा 144 लागू कर दी गई है. 3 दिसंबर की शाम 7 बजे से 5 दिसंबर की शाम 6 बजे तक लोगों को तटीय इलाकों में नहीं जाने का निर्देश दिया गया है.