'TMC, लेफ्ट पार्टियां सालों तक सत्ता में रहीं, लेकिन उन्होंने सिर्फ अपनी जेबें भरीं', राज्यसभा में PM मोदी का विपक्ष पर जोरदार हमला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आजादी के समय भारत दुनिया की छठी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था, लेकिन विपक्ष की सरकार की नीतियों के कारण 2014 तक 11वें स्थान पर आ गया.
नई दिल्ली: राज्यसभा में पीएम मोदी 'धन्यवाद प्रस्ताव' पर बोल रहे हैं. इस बीच विपक्ष ने वॉकआउट कर दिया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आजादी के समय भारत दुनिया की छठी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था, लेकिन विपक्ष की सरकार की नीतियों के कारण 2014 तक 11वें स्थान पर आ गया. आज हम भारत की अर्थव्यवस्था को 3 नंबर पर जाने की दिशा में तेज गति से अग्रसर हैं. आज हर क्षेत्र में भारत, आत्मविश्वास से भरा हुआ भारत है.
पीएम मोदी ने मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस पर निशाना साधा. पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के पास ना कोई प्लानिंग थी और ना ही कोई विजन नहीं था. हमें उनकी गलतियों को सुधारने में बहुत समय लग रहा है. आज भारत रिफॉर्म एक्सप्रेस पर सवार है.
पीएम ने विपक्ष पर किया तीखा हमला
पीएम मोदी ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस, TMC और लेफ्ट पार्टियां सालों तक सत्ता में रहीं, लेकिन उन्होंने सिर्फ अपनी जेबें भरी. विपक्ष ने लोगों के लिए काम नहीं किया. पीएम मोदी ने आगे कहा कि मेरी सरकार ने बैंकों को उस बीमारी से आजाज कराया, जो सिस्टम में घुस गई थी. उनकी सेहत ठीक की. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने TMC पर हमला बोलते हुए कहा कि वह घुसपैठियों को बचा रही है, जो आदिवासियों की नौकरियां और जमीनें छीन रहे हैं.
'परिवर्तन का कालखंड रहा'
पीएम मोदी ने कहा कि विकसित भारत की यात्रा में बीते वर्ष देश की तेज प्रगति के विकास के वर्ष रहे हैं. जीवन के हर क्षेत्र में, समाज के हर वर्ग को उनके जीवन में परिवर्तन का ये कालखंड रहा है. एक सही दिशा में तेज गति से देश आगे बढ़ रहा है. आदरणीय राष्ट्रपति जी ने बहुत ही बढ़िया तरीके से पूरी संवेदनशीलता के साथ इस विषय को हम सबके सामने प्रस्तुत किया है.
'भारत के सामर्थ्य को आगे बढ़ाया'
उन्होंने आगे कहा कि राष्ट्रपति जी ने इस देश के मध्यम वर्ग, निम्न मध्यम वर्ग, गरीब, गांव, किसान, महिलाएं, विज्ञान, प्रौद्योगिकी, कृषि... सभी विषयों को विस्तार से रखते हुए भारत की प्रगति का एक स्वर संसद में गूंजाया है. देश के नौजवान भारत के सामर्थ्य को कैसे आगे बढ़ा रहे हैं, इसकी भी विस्तार से चर्चा की है. हर वर्ग के सामर्थ्य को उन्होंने शब्दांकित किया है. इतना ही नहीं, उन्होंने भारत के उज्ज्वल भविष्य के प्रति एक विश्वास व्यक्त किया है. ये हम सभी के लिए प्रेरक है.
'21वीं सदी का पहला क्वार्टर पूरा'
पीएम मोदी ने आगे कहा कि 21वीं सदी का पहला क्वार्टर पूरा हो चुका है, लेकिन यह दूसरा क्वार्टर भी उतना ही निर्णायक है, जैसे पिछली शताब्दी में भारत की आजादी की जंग में दूसरा क्वार्टर निर्णायक रहा था. मैं साफ साफ देख रहा हूं कि विकसित भारत के निर्माण की दिशा में ये दूसरा क्वार्टर भी उतना ही सामर्थ्यवान होने वाला है,
उतनी ही तेज गति से आगे बढ़ने वाला है. आज राष्ट्र का हर व्यक्ति ये महसूस कर रहा है कि हम एक अहम पड़ाव पर पहुंच चुके हैं. अब हमें न रुकना है, न पीछे मुड़कर देखना है. हमें तेज गति से चलना है और लक्ष्य प्राप्त करके ही आगे बढ़ना है. उसी दिशा में हम आगे बढ़ रहे हैं.
'भारत के प्रति विश्व का आकर्षण बढ़ा'
पीएम मोदी ने कहा कि जिस तरह भारत के प्रति विश्व का आकर्षण बढ़ा है, उसमें भी विश्व, भारत के टैलेंट का माहत्म्य समझ रहा है. आज हमारे पास दुनिया का बहुत ही महत्वपूर्ण युवा टैलेंट पुल है, जिसके पास सपने भी हैं, संकल्प भी है और सामर्थ्य भी है. शक्ति का आशीर्वाद हमारे साथ है. भारत आज विश्व में जो चुनौतियां पैदा हो रही हैं, उन चुनौतियों का समाधान देने वाला देश बना हुआ है.
'भारत ग्लोबल साउथ की बुलंद आवाज बना'
पीएम मोदी ने कहा कि आज पूरा विश्व ग्लोबल साउथ की चर्चा करता है और भारत ग्लोबल साउथ की बुलंद आवाज बन गया है. आज हमारे युवाओं के लिए पूरा विश्व बाजर खुल चुका है, अब उनके लिए अवसर ही अवसर हैं. उन्होंने कहा कि देश में हुए इन प्रयासों का नतीजा सबके सामने है. बड़े-बड़े देश भारत के साथ व्यापारिक संबंध बनाने के लिए बहुत ही आतुर हैं.