Cyclone Arnab: बंगाल की खाड़ी में मचा हड़कंप, ओडिशा-आंध्र तट पर साल का पहला तूफान दस्तक देने को तैयार; अलर्ट जारी

चक्रवाती तूफान अर्नब के असर के बीच ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में मौसम तेजी से बिगड़ा है. ओडिशा के गजपति जिले में 1500 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है.

Pinterest
Reepu Kumari

चक्रवाती तूफान अर्नब के तटीय क्षेत्र की ओर बढ़ने के साथ ओडिशा में प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. गजपति जिले में अब तक 1500 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है. ओडिशा के मंत्री सुरेश पुजारी ने बताया कि जिला प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि कोई व्यक्ति बाढ़ के पानी में न फंसे. निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर भेजने को कहा गया है.

मौसम की स्थिति को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में जरूरी दवाओं की उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई है. अधिकारियों के अनुसार, एंटी-वेनम जैसी दवाएं भी प्रभावित और जोखिम वाले इलाकों में पहुंचाई गई हैं. इस बीच ओडिशा फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज ने भारी उपकरणों से लैस 380 टीमों को अलर्ट पर रखा है. आईजीपी डॉ. उमाशंकर दाश ने बताया कि आपात स्थिति से निपटने के लिए टीमें तैयार हैं. मौसम विभाग के अनुसार, सिस्टम के पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने की संभावना है.

तटीय इलाकों में बारिश ने बढ़ाई मुश्किल

गहरे दबाव के प्रभाव से दक्षिणी और तटीय ओडिशा में बुधवार को भारी बारिश हुई. अधिकारियों ने कम से कम 5000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया. भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, मंगलवार से जारी बारिश के बाद लैंडफॉल के दौरान इसकी तीव्रता बढ़ी. कोरापुट जिले के सेमिलिगुड़ा में पिछले 24 घंटे में सुबह 8:30 बजे तक 230 मिमी बारिश दर्ज की गई. इसी जिले के जेयपुर में 161 मिमी बारिश हुई.


कई इलाकों में 10 सेंटीमीटर से ज्यादा बारिश

राज्य के 16 से अधिक स्थानों पर 10 सेंटीमीटर से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है. स्थिति को देखते हुए ओडिशा सरकार ने ओडिशा डिजास्टर रैपिड एक्शन फोर्स की 33 टीमों को भी तैनात किया है. इन टीमों को किसी भी तरह की आपात स्थिति सामने आने पर तुरंत कार्रवाई के लिए तैयार रखा गया है. प्रशासन लगातार संवेदनशील इलाकों की निगरानी कर रहा है और जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है.

10 जिलों में स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र बंद

मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए ओडिशा सरकार ने 10 जिलों में शैक्षणिक संस्थानों और आंगनवाड़ी केंद्रों को बंद रखने का आदेश दिया है. इसके अलावा सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर उन्हें मुख्यालय में रहने के निर्देश दिए गए हैं. संवेदनशील क्षेत्रों के अस्पतालों को पर्याप्त आपातकालीन दवाएं रखने को कहा गया है. निचले इलाकों में रहने वाली गर्भवती महिलाओं को सुरक्षा के लिए नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों या मां गृहों में स्थानांतरित करने के निर्देश भी दिए गए हैं.