मिशन 2024; कांग्रेस ने UP में खेला ब्राह्मण कार्ड! कौन हैं प्रियंका गांधी की जगह लेने वाले अविनाश पांडे?

अविनाश पांडे यूपी के प्रभारी बनाए जाने से पहले झारखंड के प्रभारी थे. अविनाश पांडे राज्यसभा सांसद रह चुके हैं. इसके अलावा वे कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य भी रह चुके हैं.

Om Pratap

Congress UP Mission 2024 who is avinash pande: मिशन 2024 के तहत कांग्रेस ब्राह्मण चेहरे के भरोसे उत्तर प्रदेश फतह करने की तैयारी में है. लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शनिवार को पार्टी के सीनियर नेता अविनाश पांडे को उत्तर प्रदेश का नया प्रभारी महासचिव नियुक्त किया. इससे पहले ये जिम्मेदारी प्रियंका गांधी के पास थी.

यूपी प्रभारी नियुक्त किए जाने के बाद अविनाश पांडे ने प्रतिक्रिया देते हुए एक्स पर पोस्ट किया. उन्होंने लिखा- प्रियंका जी, मैं आपकी विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प लेता हूं. प्रभारी महासचिव के रूप में, मैं अपने पद में दिए गए अधिकार और मुझे दिए गए जनादेश का अधिकतम लाभ उठाऊंगा.

कौन हैं अविनाश पांडे?

अविनाश पांडे यूपी के प्रभारी बनाए जाने से पहले झारखंड के प्रभारी थे. अविनाश पांडे राज्यसभा सांसद रह चुके हैं. इसके अलावा वे कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य भी रह चुके हैं. अविनाश पांडे मूल रूप से महाराष्ट्र के नागपुर के रहने वाले हैं. वे पेशे से वकील भी हैं. उन्होंने कांग्रेस की स्टूडेंट विंग NSUI और यूथ कांग्रेस में रहते हुए यहां तक का सफर तय किया है. अविनाश पांडे ने दशकों लंबे राजनीतिक करियर के दौरान अलग-अलग राज्यों और राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न पदों पर रहे हैं. 

2010 में पहली बार चुने गए थे राज्यसभा सांसद

अविनाश पांडे सबसे पहले 2010 में महाराष्ट्र से राज्यसभा सांसद चुने गए थे. इससे पहले उन्होंने 2008 में राज्यसभा प्रत्याशी के तौर पर किस्मत आजमाई थी, लेकिन उन्हें एक वोट से हार का सामना करना पड़ा था. दो साल बाद यानी 2010 में वे महाराष्ट्र से ही निर्विरोध राज्यसभा सांसद चुने गए थे. पांडे महाराष्ट्र विधान परिषद के सदस्य और राज्य में कई प्रशासनिक समितियों के सदस्य भी रह चुके हैं. 2018 के राजस्थान चुनाव से पहले उन्हें राज्य का प्रभारी नियुक्त किया गया था. हालांकि, सचिन पायलट और अशोक गहलोत के बीच तीखी नोकझोंक के दौरान उन्हें पद से हटा दिया गया था. अविनाश पांडे को जनवरी 2022 में झारखंड के प्रभारी AICC महासचिव के रूप में नियुक्त किया गया था.