कांग्रेस को मिली रामलीला मैदान में प्रदर्शन की परमिशन, दीवाली से पहले भरेगी हुंकार

जंतर-मंतर को प्रोटेस्ट साइट से हटाए जाने के बाद अब कांग्रेस को रामलीला मैदान पर प्रदर्शन करने की अनमति मिल गई है. दीवाली से पहले कांग्रेस रामलीला मैदान पर बड़ा विरोध प्रदर्शन करने जा रही है.

X
Sagar Bhardwaj

दिल्ली में कांग्रेस को रामलीला मैदान में प्रदर्शन करने की अनुमति मिल गई है. पार्टी दिवाली से पहले एक बड़ा आंदोलन करने की तैयारी में है. कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, यह प्रदर्शन 1 नवंबर को होगा. पार्टी कथित वोट चोरी और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रही है.

रामलीला मैदान में प्रदर्शन की अनुमति

दिल्ली सेंट्रल पुलिस के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और सीबीडी मैदान को प्रदर्शन स्थलों के रूप में निर्धारित किया गया है. कांग्रेस ने रामलीला मैदान की उपलब्धता को लेकर नगर निगम दिल्ली (MCD) से संपर्क किया था. निगम ने बताया कि मैदान 25 अक्टूबर से 3 नवंबर तक उपलब्ध रहेगा.


पुलिस ने जारी किया NOC

डीसीपी के मुताबिक, कांग्रेस के साथ बातचीत और सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा के बाद पुलिस ने अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) जारी कर दिया है. अब पार्टी को यह प्रमाणपत्र जमीन की मालिक एजेंसी MCD के पास जमा करना होगा. इसके बाद वह प्रदर्शन की तैयारियां शुरू कर सकेगी.

पुलिस अधिकारी ने यह भी बताया कि रामलीला मैदान 25 अक्टूबर से 3 नवंबर तक बुक रहेगा. इस दौरान मैदान बुक कराने के इच्छुक दूसरे आयोजकों को भी निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना होगा.

जंतर-मंतर की जगह नए प्रदर्शन स्थल

जंतर-मंतर को अधिकृत प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटाए जाने के बाद रामलीला मैदान समेत तीन स्थानों को प्रदर्शन के लिए निर्धारित किया गया है. ऐसे में रामलीला मैदान राजनीतिक दलों और अन्य संगठनों के आंदोलनों के लिए एक महत्वपूर्ण जगह बन सकता है.

वोट चोरी के आरोपों पर विपक्ष का आंदोलन

कांग्रेस समेत कई विपक्षी दल और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) कथित वोट चोरी के मुद्दे पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं. इस मुद्दे पर दिल्ली में पहले भी कई प्रदर्शन हो चुके हैं.

अब कांग्रेस रामलीला मैदान में बड़े प्रदर्शन की तैयारी कर रही है. हालांकि, पार्टी के प्रस्तावित आंदोलन में कितने लोग शामिल होंगे और इसका स्वरूप क्या होगा, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है.