रिश्ता ठुकराया तो आशिक ने पेट्रोल बम बरसाकर घर को जला डाला, सामने आया दिल दहला देने वाला वीडियो

कोयंबटूर में एक युवती के घर पर एक्स बॉयफ्रेंड ने पेट्रोल बम से हमला कर दिया जिसका वीडियो वायरल हो रहा है. पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है और जांच भी शुरू कर दी है.

@Senthil_TNIE
Kuldeep Sharma

कोयंबटूर के थोंडामुथुर इलाके में एक युवती के घर के बाहर पेट्रोल बम से हमले की चौंकाने वाली घटना सामने आई है. इस पूरी वारदात का सीसीटीवी फुटेज वायरल होने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस के मुताबिक यह हमला युवती के पूर्व प्रेमी ने ब्रेकअप से नाराज होकर किया है. गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ है.

हमले के वक्त घर पर ही थी युवती

यह घटना थोंडामुथुर के पास कलिक्कनायकेनपालयम में हुई है. जानकारी के अनुसार जिस वक्त हमला हुआ उस समय युवती घर के अंदर पढ़ाई कर रही थी. सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि दिन के समय जब सब कुछ शांत था तभी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक घर के पास पहुंचते हैं और कुछ ही पलों में घर के प्रवेश द्वार के पास एक जोरदार आग का गोला दिखाई देता है. आरोप है कि आरोपियों ने केरोसिन से भरी बोतल घर पर फेंकी थी.

वीडियो में कैद हुई पूरी वारदात

वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि आग की लपटें बरामदे में खड़ी एक लाल रंग की स्कूटी के पास तेजी से फैल गईं. घर के गेट के पास काला धुआं इस कदर उठा कि आग देखकर कोई भी सहम जाए. हालांकि आग घर के बाहरी हिस्से तक ही सीमित रही जिससे परिवार बाल-बाल बच गया.

पुलिस ने मुख्य आरोपी की पहचान चेन्नई के रहने वाले कार्तिक उर्फ मारियप्पन के रूप में की है. बताया जा रहा है कि कोयंबटूर में कॉलेज की पढ़ाई के दौरान कार्तिक और युवती रिलेशनशिप में थे. युवती के पिता सुंदरमूर्ति के अनुसार जब बेटी को पता चला कि कार्तिक पर हत्या और डकैती जैसे 31 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं तो उसने उससे रिश्ता तोड़ लिया.

यहां देखें वीडियो

ब्रेकअप के बाद भी युवती को प्रताड़ित कर रहा था आरोपी

जांच में सामने आया है कि ब्रेकअप के बाद भी कार्तिक युवती को लगातार परेशान और प्रताड़ित कर रहा था. रविवार शाम को वह अपने तीन साथियों के साथ दो मोटरसाइकिलों पर वहां पहुंचा. हमले से ठीक पहले इन लोगों ने घर के बाहर खड़े युवती के पिता को धमकी भी दी थी. पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने केरोसिन से भरी कई बोतलें घर की ओर फेंकीं थी. इनमें से एक बोतल बरामदे में रखे जूतों के रैक के पास फटी जिससे वहां रखे जूतों में आग लग गई.

 सुंदरमूर्ति की शिकायत पर थोंडामुथुर पुलिस ने कार्तिक और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की स्पेशल टीमें बनाई गई हैं और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच जारी है.