जी20 के रात्रिभोज में ममता समेत दिखे कई राज्यों के CM, नहीं दिखे इन स्टेटस के मुख्यमंत्री

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के रात्रिभोज में विदेशी मेहमानों के अलावा कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल हुए. डिनर में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी भी दिखी.

Gyanendra Tiwari

नई दिल्ली. भारत में जी20 शिखर सम्मेलन चल रहा है. समिट के पहले दिन कई मुद्दों पर तैयार किए गए घोषणा पत्र को लेकर राष्ट्राध्यक्षों के बीच सहमति बन चुकी है. इसकी जानकारी खुद पीएम मोदी ने दी. शिखर सम्मेलन के पहले दिन का सेशन ‘वन अर्थ, वन फैमिली’ थीम पर केंद्रित रहा. इस दौरान पीएम मोदी वे अलग-अलग देशों के नेताओं के साथ वार्ता की. इसके अलावा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के रात्रिभोज में विदेशी मेहमानों के अलावा कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल हुए. डिनर में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी भी दिखी.

डिनर में शामिल गैर बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री 
जी 20 को लेकर आयोजित किए गए इस रात्रिभोज में बीजेपी शासित मुख्यमंत्रियों के अलावा गैर बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भी शिरकत की. इस दौरान बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी मौजूद रहे. उनके अलावा हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू और महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे जी20 के डिनर में शामिल हुए. असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा शर्मा, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी जी20 के डिनर में शामिल हुए.

नहीं दिखे कई मुख्यमंत्री
जी20 के इस रात्रिभोज में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, तेलंगाना के सीएम केसीआर, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी, तमिलनाडु के सीएम स्टालिन, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, केरल के मुख्‍यमंत्री पी विजयन, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया डिनर में नहीं दिखे.

कांग्रेस नाराज
जी20 के रात्रिभोज का न्योता कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता विपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को आमंत्रित न करने से कांग्रेस नाराज दिखी. इसी कारण डिनर में छत्तीसगढ़ और राजस्थान के मुख्यमंत्री नहीं शामिल हुए. उन्होंने डिनर में न शामिल होने को लेकर कहा था कि दिल्ली का इलाका नो फ्लाइंग जोन घोषित है, इसे लिए वो नहीं जा सकते है. इसके जवाब होम मिनिस्ट्री ने कहा था कि मुख्यमंत्रियों और राज्यपालों के लिए नो फ्लाइंग जोन नहीं घोषित है.

यह भी पढ़ें- 'G20 में G का मतलब Ghosi...', अखिलेश यादव ने ट्वीट के जरिये BJP पर कसा तंज, गरमाई सियासत