भारत-फ्रांस का 'सुपरपावर' दोस्ताना, यहां जानिए दोनों देशों के बीच हुए 21 समझौतों की पूरी डिटेल
भारत और फ्रांस के रिश्ते अब पहले से ज्यादा मजबूत हो गए हैं. मुंबई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की अहम मुलाकात ने दुनिया का ध्यान खींचा. इस बैठक में रक्षा, अंतरिक्ष और स्वच्छ ऊर्जा जैसे कई क्षेत्रों से जुड़े कुल 21 बड़े समझौतों पर सहमति बनी.
नई दिल्ली: फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों भारत की यात्रा पर हैं. इस दौरान भारत और फ्रांस के बीच कई महत्वपूर्ण समझौते, घोषणाएं और नई पहलों की शुरुआत हुई. राष्ट्रपति मैक्रों ने अपनी यात्रा की शुरुआत मुंबई से की, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक की. इसके बाद वे दिल्ली पहुंचे और वहां आयोजित AI Impact Summit में शिरकत की.
भारत और फ्रांस के बीच हुए 21 समझौतों की लिस्ट
1. भारत और फ्रांस के संबंधों को 'विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी' के स्तर तक बढ़ाया गया.
2. दोनों देशों के विदेश मंत्रियों के बीच नियमित वार्षिक संवाद शुरू करने का फैसला किया गया, ताकि 2047 तक तय सहयोग योजनाओं की समीक्षा होती रहे.
3. वर्ष 2026 को 'भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष' के रूप में मनाने की घोषणा की गई.
4. भारत-फ्रांस इनोवेशन नेटवर्क की शुरुआत की गई, जिससे स्टार्टअप और शोध सहयोग को बढ़ावा मिलेगा.
5. कर्नाटक के वेमगल में एच-125 हेलीकॉप्टर की फाइनल असेंबली लाइन का उद्घाटन किया गया.
6. भारत और फ्रांस के बीच रक्षा सहयोग समझौते को फिर से नवीनीकृत किया गया.
7. भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) और Safran के बीच HAMMER मिसाइलों के भारत में निर्माण के लिए संयुक्त उद्यम पर सहमति बनी.
8. भारतीय सेना और फ्रांस की थल सेना के अधिकारियों की आपसी तैनाती का निर्णय लिया गया.
9. उन्नत रक्षा तकनीक पर काम करने के लिए संयुक्त एडवांस्ड टेक्नोलॉजी डेवलपमेंट समूह बनाया गया.
10. महत्वपूर्ण खनिज और धातुओं के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए संयुक्त घोषणा जारी की गई.
11. भारत के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (DST) और फ्रांस के सीएनआरएस के बीच उन्नत सामग्री अनुसंधान केंद्र स्थापित करने का आशय पत्र जारी हुआ.
12. भारत और फ्रांस के बीच दोहरे कराधान से बचाव (डबल टैक्स अवॉइडेंस) समझौते में संशोधन का प्रोटोकॉल तय किया गया.
13. भारत के टी-हब और फ्रांस के नॉर्ड क्षेत्र के बीच स्टार्टअप, तकनीक, कौशल, स्वास्थ्य और नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्रों में सहयोग का प्रस्ताव रखा गया.
14. DST और CNRS के बीच वैज्ञानिक अनुसंधान सहयोग को मजबूत करने के लिए समझौता ज्ञापन हुआ.
15. डिजिटल विज्ञान और तकनीक के लिए इंडो-फ्रेंच संयुक्त केंद्र स्थापित करने की घोषणा की गई.
16. नई दिल्ली स्थित एम्स में स्वास्थ्य क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर इंडो-फ्रेंच केंद्र की शुरुआत की गई.
17. जैव प्रौद्योगिकी विभाग (DBT) और फ्रांस की ANRS एजेंसी के बीच संक्रामक रोग और वैश्विक स्वास्थ्य अनुसंधान में सहयोग का आशय पत्र जारी हुआ.
18. मेटाबॉलिक स्वास्थ्य विज्ञान के लिए भारत-फ्रांस संयुक्त केंद्र स्थापित करने पर सहमति बनी.
19. एरोनॉटिक्स क्षेत्र में कौशल विकास के लिए राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव रखा गया.
20. भारत के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय और फ्रांस के संबंधित मंत्रालय के बीच नवीकरणीय ऊर्जा सहयोग समझौते का नवीनीकरण किया गया.
21. भारत के डाक विभाग और फ्रांस की La Poste के बीच डाक सेवाओं में सहयोग बढ़ाने के लिए आशय पत्र पर सहमति बनी.