West Bengal Assembly Election 2026 Assembly Election 2026

शादी के लिए प्रेमी जोड़ा भागा; भड़के लड़की के परिजन, जबरन लड़के की मां को उठा ले गए

तमिलनाडु में शादी के लिए एक प्रेमी जोड़ा घर से भाग गया. इसके बाद भड़के लड़की के परिजन लड़के के घर पहुंचे और उसकी मां से जानकारी लेनी चाही. जब लड़के के मां ने इस बारे में कुछ भी पता होने से इनकार किया, तो लड़की के घरवाले जबरन लड़के की मां को अपने साथ ले गए, ताकि मां की चिंता कर लड़का किसी तरह लड़की को लेकर वापस आ जाए. फिलहाल, पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है.

social media
India Daily Live

तमिलनाडु के धर्मपुरी इलाके से चौंकाने वाली घटना सामने आई है. मोरप्पुर में शादी के लिए एक प्रेमी जोड़ा घर से भाग गए. मामले की जानकारी जब लड़की के घरवालों को हुई, तो वे भड़क गए. किसी तरह लड़के के घर का पता निकाला और बेटी को ढूंढते हुए उसके घर पहुंचे. यहां जब लड़की का कुछ पता नहीं चला, तो वे अपने साथ लड़के की मां को उठा ले गए, ताकि घबराकर लड़का उनकी बेटी के साथ वापस लौट जाए. मामले की जानकारी के बाद अब पुलिस प्रेमी जोड़े के साथ-साथ लड़की की मां की तलाश में जुट गई है. 

पुलिस को पड़ताल के बाद जानकारी मिली कि लड़की के घर वाले अपने घर में ताला लगाकर फरार हो गए हैं और मोबाइल भी बंद कर लिया है. घटना मंगलवार रात की बताई जा रही है. जानकारी के मुताबिक, लड़की ऊंची जाति की बताई जा रही है, जबकि लड़का अनुसूचित जाति का है, इसलिए मामला और बढ़ गया.

बेंगलुरु में पढ़ाई और एक साथ काम करता है प्रेमी जोड़ा

धर्मपुरी पुलिस के मुताबिक, लड़के की उम्र 24 साल जबकि लड़की की उम्र 23 साल है. दोनों बेंगलुरु में पढ़ाई करते थे और एक साथ काम भी करते थे. मंगलवार को अचानक दोनों ने शादी के लिए घर से भागने का फैसला किया. मामले की जांच में जुटे एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने बताया कि सबसे पहले लड़की के परिजन को जानकारी मिली कि उनकी बेटी शादी के लिए अपने प्रेमी के साथ भाग गई है.

पुलिस अधिकारी ने कहा कि लड़की और लड़का दोनों पढ़े-लिखे हैं और बालिग भी हैं. उन्होंने बताया कि जब लड़की के परिजन को उनकी बेटी के भागने की खबर मिली तो उन्होंने उसके फोन पर कॉन्टैक्ट करने की कोशिश की, लेकिन उसका फोन नहीं लगा. फिर उन्हें लड़के के बारे में पता चला. उन्होंने लड़के को भी फोन करने की कोशिश की लेकिन कॉन्टैक्ट नहीं हो पाया. 

फोन नहीं लगा तो पहुंचे लड़के के घर

पुलिस के मुताबिक, लड़की के घरवाले बुधवार की सुबह पड़ोस में मौजूद लड़के के घर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी दी. उन्होंने लड़के की मां से उसके बेटे के बारे में भी पूछा. जब लड़की की मां कुछ भी बताने में असमर्थ दिखी, तो लड़की के परिजन लड़के की मां को जबरन उसे अपने साथ लेकर चले गए.