चंपई सोरेन का रास्ता हुआ क्लियर, JMM से दिया इस्तीफा; अब 30 अगस्त को 'BJP स्टेशन' पर रुकेगी गाड़ी!
Champai Soren: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन और झारखंड मुक्ति मोर्चा के बड़े नेता रहे चंपई सोरेन ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को अपना इस्तीफा सौंपा है. इस्तीफे की जानकारी और इस्तीफा पत्र भी उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर शेयर किया है.
Champai Soren: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने बीजेपी में शामिल होने का रास्ता क्लियर कर लिया है. अभी तक वह झारखंड मुक्ति मोर्चा के सदस्य थे. अब उन्होंने पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा देकर अपने बीजेपी में शामिल होने के रास्ते को साफ कर लिया है. उन्होंने मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष शिबू सोरेन को अपना इस्तीफा दिया. जिसमें उन्होंने लिखा कि JMM की वर्तमान कार्यशैली एवं नीतियों से विक्षुब्ध होकर मैं पार्टी छोड़ने के लिए विवश हूं.
चंपई सोरेने ने अपने इस्तीफे की कॉपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी शेयर किया. उन्होंने लिखा कि आज आज झारखंड मुक्ति मोर्चा की प्राथमिक सदस्यता एवं सभी पदों से त्याग-पत्र दिया. झारखंड के आदिवासियों, मूलवासियों, दलितों, पिछड़ों एवं आम लोगों के मुद्दों को लेकर मेरा संघर्ष हमेशा जारी रहेगा.
'पार्टी दिशा से भटक चुकी है'
अपने इस्तीफे में चंपई सोरेन ने लिखा- 'मैं चम्पई सोरेन, झारखंड मुक्ति मोर्चा की वर्तमान कार्यशैली एवं नीतियों से विक्षुब्ध होकर, पार्टी छोड़ने के लिए विवश हूं. अत्यंत ही दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि आप के मार्गदर्शन में जिस पार्टी का सपना हम जैसे कार्यकर्ताओं ने देखा था, एवं जिस के लिए हम लोगों ने जंगलों, पहाड़ों एवं गांवों की खाक छानी थी, आज पार्टी अपनी उस दिशा से भटक चुकी है. यह पार्टी मेरे लिए एक परिवार जैसी रही है. मैंने अपने सपने में भी कभी नहीं सोचा था कि मुझे इस पार्टी को छोड़ना पड़ेगा. लेकिन बीते कुछ महीनों के घटनाक्रम ने मुझे कठिन निर्णय लेने के लिए विवश किया. '
JMM के अध्यक्ष को लेकर चंपई सोरेन ने क्या कहा?
चंपई सोरेन ने अपने इस्तीफे में JMM के अध्यक्ष शिबू सोरेन को लिखा कि आप आपके वर्तमान स्वास्थ्य की वजह से, आप सक्रिय राजनीति से दूर हैं, तथा आपके अलावा पार्टी में ऐसा कोई फोरम नहीं है, जहां मैं अपनी मन की पड़ी को व्यक्त कर पाऊं. इसी कारण मैंने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता एवं सभी पदों से इस्तीफा दे रहा हूं.
चंपई सोरेन ने आगे लिखा कि शिबू सोरेन के मार्ग दर्शन में झारखण्ड आंदोलन के दौरान तथा उसके बाद भी मुझे बहुत कुछ सीखने को मिला है. आप बस ऐसे ही मेरे मार्गदर्शन करते रहें.
30 अगस्त को बीजेपी में होंगे शामिल
चंपई सोरेन 30 अगस्त को बीजेपी में शामिल होंगे. बुधवार को चंपई सोरेन दिल्ली से झारखंड की राजधानी रांची पहुंचे थे. रांची पहुंचने के बाद ही उन्होंने पार्टी की प्राथमिकी सदस्यता से इस्तीफा दे दिया. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार चंपई सोरेन अपने बेटे बाबूलाल सोरेन के साथ बीजेपी में शामिल हो सकते हैं.