CBI ने अपने हाथों में लिया ट्विशा शर्मा की मौत का केस, फिर दर्ज की FIR

मॉडल और अभिनेत्री ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में CBI ने जांच अपने हाथ में ले ली है.

X
Ashutosh Rai

मध्य प्रदेश में अभिनेत्री और मॉडल ट्विशा शर्मा की मौत का मामला अब CBI के पास पहुंच गया है. सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को हुई सुनवाई के बाद एजेंसी ने स्थानीय पुलिस से केस से जुड़े दस्तावेज हासिल कर नई FIR दर्ज कर ली है. यह मामला पहले से ही सवालों और विवादों में घिरा हुआ था. ट्विशा की मौत को लेकर परिवार ने दहेज हत्या. जांच में लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए थे.

सुप्रीम कोर्ट ने लिया स्वतः संज्ञान

सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में स्वतः संज्ञान लेते हुए सुनवाई शुरू की. अदालत ने इसे एक युवती की ससुराल में हुई अप्राकृतिक मौत से जुड़े संस्थागत पक्षपात और प्रक्रियागत विसंगतियों का मामला माना. मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा कि मामले में सामने आई कुछ परिस्थितियों ने अदालत को चिंता में डाला है. सुनवाई के दौरान अदालत ने मीडिया को भी संयम बरतने की सलाह दी और कहा कि पीड़ित परिवार के दर्द को केवल साउंड बाइट्स तक सीमित नहीं किया जाना चाहिए.

CBI ने शुरू की नई जांच प्रक्रिया

सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने अदालत को बताया कि CBI इस पूरे मामले की जांच अपने हाथ में ले रही है. इसके बाद एजेंसी ने स्थानीय पुलिस से केस डायरी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य दस्तावेज मंगवाकर जांच शुरू कर दी. सूत्रों के अनुसार, CBI अब शुरुआत से घटनाक्रम की समीक्षा करेगी और यह पता लगाएगी कि जांच के दौरान कहीं कोई प्रक्रिया तो नहीं छोड़ी गई.

परिवार ने पहले उठाए थे सवाल

ट्विशा शर्मा के परिवार ने शुरुआत से ही स्थानीय जांच पर सवाल उठाए थे. उनका आरोप था कि कई अहम पहलुओं को नजरअंदाज किया गया और मामले को जल्दबाजी में बंद करने की कोशिश हुई. परिवार लगातार निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा था. सोशल मीडिया पर भी इस मामले ने काफी ध्यान खींचा.

मीडिया कवरेज पर भी अदालत की टिप्पणी

सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने मीडिया रिपोर्टिंग को लेकर भी अहम टिप्पणी की. अदालत ने कहा कि किसी भी पक्ष के बयान को सनसनीखेज तरीके से पेश करने से बचना चाहिए. न्यायालय ने कहा कि जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा.