बजट सत्र से पहले विपक्ष को PM मोदी की नसीहत, कुछ लोगों का स्वभाव आदतन हुड़दंगी.. ये पश्चाताप का अवसर

Parliament Budget Session: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बजट सत्र से पहले मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि यह एक अंतरिम बजट होगा, हालांकि उन्होंने पिछले सत्र में विपक्षी सांसदों के आचरण पर भी सवाल उठाया.

Manish Pandey

Parliament Budget Session: आज से संसद के बजट सत्र की शुरुआत हो गई है. 1 फरवरी को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का अंतरिम बजट पेश करेंगी. वहीं, बजट सत्र की शुरुआत से पहले पीएम मोदी ने संसद में हुड़दंग करने वाले विपक्षी सांसदों के आचरण पर भी सवाल उठाया. पीएम ने कहा कि ये सत्र उन लोगों के लिए पश्चाताप का एक अवसर है.

पीएम मोदी ने संसद के बाहर कहा कि जिनको आदतन हुड़दंग करने का स्वभाव बन गया है, जो आदतन लोकतांत्रिक मूल्यों का चीरहरण करते हैं, ऐसे सभी सांसद आत्मनिरीक्षण करें कि 10 साल में उन्होंने जो किया अपने संसदीय क्षेत्र में भी 100 लोगों से पूछ लें किसी को याद नहीं होगा. किसी को नाम भी पता नहीं होगा.

बता दें कि जब चुनाव का समय निकट होता है तब पूर्ण बजट नहीं रखा जाता है. पीएम ने कहा कि हम भी उसी परंपरा का पालन करते हुए नई सरकार बनने के बाद पूर्ण बजट लाएंगे. इस बार दिशा-निर्देशक बातें लेकर देश की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण कल हम सबके सामने बजट पेश करने वाली हैं. मुझे विश्वास है कि देश नित्य प्रगति की नई-नई ऊंचाइयों को पार करते हुए आगे बढ़ रहा है.


बजट सत्र से पहले PM मोदी ने कहा कि इस नए संसद भवन में जो पहला सत्र हुआ था उसके आखिर में इस संसद ने एक बहुत ही गरिमापूर्ण फैसला लिया था, जो नारी शक्ति वंदन अधिनियम था. उसके बाद 26 जनवरी को भी हमने देखा किस प्रकार से देश ने कर्तव्य पथ पर नारी शक्ति के सामर्थ्य-शौर्य को अनुभव किया. पीएम ने कहा कि आज बजट सत्र का आरंभ हो रहा है तब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का मार्गदर्शन और कल निर्मला सीतारमण द्वारा अंतरिम बजट, एक प्रकार से नारी शक्ति के साक्षात्कार का पर्व है.