BRICS 2026

'फिलिस्तीन-पहलगाम का जिक्र अहम', BRICS की बड़ी सफलता पर PM मोदी को बधाई, मायावती और रविशंकर प्रसाद ने कही बड़ी बात

नई दिल्ली में हुए दो दिवसीय BRICS समिट की सफलता पर बीजेपी नेता रविशंकर प्रसाद और BSP प्रमुख मायावती ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी है. रविशंकर प्रसाद ने समिट को ऐतिहासिक रूप से सफल बताया और भारत की अगुवाई में बने प्रभावशाली मंच की तारीफ की.

@narendramodi X Account
Km Jaya

नई दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय BRICS समिट के सफल आयोजन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई देने का सिलसिला शुरू हो गया है. बीजेपी के वरिष्ठ नेता और सांसद रविशंकर प्रसाद ने समिट को ऐतिहासिक रूप से सफल बताया है. वहीं BSP प्रमुख मायावती ने भी BRICS के साझा घोषणापत्र को भारत की सूझबूझ और अच्छी कूटनीति का परिणाम बताया है.

भारत में आयोजित BRICS समिट में दुनिया के कई बड़े देशों के राष्ट्राध्यक्ष और प्रतिनिधि शामिल हुए. सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं. इन बैठकों में आर्थिक रिश्तों को मजबूत करने, आपसी सहयोग बढ़ाने और साझा हितों से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा हुई.

साझा घोषणापत्र में वैश्विक मुद्दों का जिक्र

समिट के अंत में साझा घोषणापत्र जारी किया गया. इसमें कई अहम वैश्विक मुद्दों का जिक्र किया गया. घोषणापत्र में पहलगाम आतंकी हमले की निंदा और फिलिस्तीन समाधान का उल्लेख भी हुआ. इन्हीं मुद्दों को लेकर रविशंकर प्रसाद और मायावती ने भारत की कूटनीतिक भूमिका की तारीफ की है.


रविशंकर प्रसाद ने बताया ऐतिहासिक सफलता

पटना में रविशंकर प्रसाद ने BRICS समिट की सफलता के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी. उन्होंने कहा कि भारत की अगुवाई में चीन, रूस, ईरान, UAE, दक्षिण अफ्रीका और ब्राजील जैसे बड़े देशों ने एक वैकल्पिक और प्रभावशाली अंतरराष्ट्रीय मंच तैयार किया है.

रविशंकर प्रसाद ने कहा कि सम्मेलन के दौरान आर्थिक रिश्तों और सहयोग पर चर्चा हुई. प्रधानमंत्री मोदी ने कई देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी कीं. उन्होंने खास तौर पर चीन की ओर से भारत के साथ दोस्ती का नया हाथ बढ़ाने का जिक्र किया. साथ ही उन्होंने कहा कि रूस, मलेशिया और ईरान के नेताओं ने भी प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ की है.

पहलगाम आतंकी हमले की निंदा को बताया अहम

रविशंकर प्रसाद ने BRICS के साझा घोषणापत्र में पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा को महत्वपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की विदेश नीति सफल रही है. उन्होंने BRICS समिट के नतीजों पर सवाल उठाने वाली कांग्रेस से भी जवाब देने को कहा.

मायावती ने भी मोदी सरकार की तारीफ की

BSP प्रमुख मायावती ने भी BRICS समिट की सफलता को लेकर मोदी सरकार की तारीफ की. उन्होंने कहा कि साझा घोषणापत्र भारत की सूझबूझ और अच्छी कूटनीति का परिणाम है. मायावती ने घोषणापत्र में फिलिस्तीन समाधान और पहलगाम आतंकी हमले के जिक्र को बेहद अहम बताया.

BRICS समिट के बाद भारत की विदेश नीति और वैश्विक मंच पर उसकी कूटनीतिक भूमिका को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं. बीजेपी नेता रविशंकर प्रसाद के साथ मायावती की ओर से भी समिट के नतीजों की तारीफ किए जाने को महत्वपूर्ण माना जा रहा है.