BRICS Summit 2026: आज पुतिन और PM मोदी के बीच किन मुद्दों पर होगी बात, जानें एजेंडा
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शुक्रवार को BRICS Summit 2026 से पहले भारत पहुंच गए हैं. नई दिल्ली में होने वाले इस महत्वपूर्ण सम्मेलन में दुनिया की कई बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के नेता शामिल होने वाले हैं.
नई दिल्ली: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शुक्रवार को BRICS Summit 2026 से पहले भारत पहुंच गए हैं. नई दिल्ली में होने वाले इस महत्वपूर्ण सम्मेलन में दुनिया की कई बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के नेता शामिल होने वाले हैं. पुतिन के भारत पहुंचने के बाद अब सभी की नजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी अहम द्विपक्षीय बैठक पर है. यहां जानें किन मुद्दों पर होगी चर्चा.
BRICS Summit 2026 में किन मुद्दों पर होगी चर्चा?
भारत की मेजबानी में BRICS Summit 2026 12 सितंबर से नई दिल्ली में शुरू होगा. इस सम्मेलन में सदस्य देशों के बीच सहयोग बढ़ाने और वैश्विक चुनौतियों से मिलकर निपटने पर जोर दिया जाएगा. भारत BRICS के जरिए खाद्य सुरक्षा, ऊर्जा सुरक्षा, स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन और जरूरी सामान की सप्लाई चेन को मजबूत करने पर ध्यान दे रहा है.
दुनिया इस समय कई बड़ी आर्थिक और राजनीतिक चुनौतियों से गुजर रही है. रूस-यूक्रेन युद्ध, पश्चिम एशिया का संकट, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से जुड़ी स्थिति और अमेरिका की व्यापार एवं टैरिफ नीतियों का वैश्विक अर्थव्यवस्था पर असर पड़ रहा है. ऐसे समय में BRICS देशों के बीच सहयोग बढ़ाना सम्मेलन का महत्वपूर्ण उद्देश्य होगा.
Also Read
PM मोदी और पुतिन की बैठक में क्या होगा?
पुतिन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच शुक्रवार को अहम द्विपक्षीय बैठक होगी. PM मोदी और पुतिन कई क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने पर चर्चा करेंगे. बैठक में रक्षा, ऊर्जा, तकनीक, फार्मास्युटिकल सेक्टर और दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने जैसे मुद्दे शामिल हो सकते हैं. इसके अलावा दोनों नेता व्यापार को मजबूत बनाने, अंतरराष्ट्रीय भुगतान व्यवस्था को आसान करने और ऊर्जा सुरक्षा पर भी चर्चा कर सकते हैं. रूस-यूक्रेन युद्ध और पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी दोनों नेताओं के बीच बातचीत होने की संभावना है.
BRICS Summit में कौन-कौन से बड़े नेता आएंगे?
पुतिन के अलावा BRICS Summit में कई देशों के शीर्ष नेता हिस्सा लेंगे. इनमें चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो, मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी और मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम शामिल हैं. इसके अलावा अबू धाबी के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान, इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली और वियतनाम के प्रधानमंत्री ले मिन्ह हंग भी सम्मेलन में शामिल होने वाले प्रमुख नेताओं में हैं.