एक फ्रेम में मोदी, पुतिन और BRICS के दिग्गज, Business Forum में हुआ खास फैमिली फोटो सेशन
BRICS Business Forum 2026 के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिक्स नेताओं, बिजनेस काउंसिल और महिला बिजनेस गठबंधन के प्रमुखों के साथ फैमिली फोटो खिंचवाई. बैठक में व्यापार, निवेश, तकनीक और विकास जैसे मुद्दे प्रमुख रहे.
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में BRICS Business Forum 2026 के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई देशों के शीर्ष नेता एक साथ नजर आए. मोदी ने ब्रिक्स नेताओं, BRICS Business Council और BRICS Women's Business Alliance के प्रतिनिधियों के साथ सामूहिक तस्वीर खिंचवाई. तस्वीर में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन और दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा समेत कई प्रमुख चेहरे मौजूद रहे. यह मंच ब्रिक्स देशों के आर्थिक और कारोबारी एजेंडे को दिशा देने में अहम भूमिका निभाता है.
सामूहिक तस्वीर में प्रधानमंत्री मोदी के साथ ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन, विदेश मंत्री एस जयशंकर, ब्राजील के विदेश मंत्री माउरो विएरा, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल नजर आए. दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा समेत कई अन्य प्रतिनिधि भी इस तस्वीर का हिस्सा रहे. यह तस्वीर BRICS Business Forum में राजनीतिक नेतृत्व और कारोबारी जगत की संयुक्त भागीदारी को दिखाती है.
BRICS Business Forum क्यों है खास?
BRICS Business Forum समूह का प्रमुख निजी क्षेत्र मंच है. इसका आयोजन हर साल BRICS शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने वाले देश में किया जाता है. यहां कारोबारी नेता, मंत्री और राष्ट्राध्यक्ष व्यापार, निवेश, वित्त, तकनीक और विकास से जुड़ी चुनौतियों पर चर्चा करते हैं. मंच का उद्देश्य BRICS देशों के बीच आर्थिक सहयोग को आगे बढ़ाना और कारोबार से जुड़े व्यावहारिक सुझावों को नीति निर्माण तक पहुंचाना है.
Also Read
व्यापार से डिजिटल अर्थव्यवस्था तक चर्चा
फोरम में सामने आने वाले विचार BRICS के आर्थिक एजेंडे को दिशा देने में महत्वपूर्ण माने जाते हैं. बिजनेस काउंसिल की सिफारिशों और फोरम के निष्कर्षों को अक्सर शिखर सम्मेलन के घोषणापत्र और आगे की कार्ययोजनाओं में जगह मिलती है. चर्चा के प्रमुख क्षेत्रों में BRICS देशों के बीच व्यापार, निवेश, डिजिटल अर्थव्यवस्था, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, मानकों में सहयोग और आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करना शामिल है.
11 देशों का समूह, वैश्विक अर्थव्यवस्था में बड़ी हिस्सेदारी
BRICS में फिलहाल 11 देश शामिल हैं. इनमें ब्राजील, चीन, मिस्र, इथियोपिया, भारत, इंडोनेशिया, ईरान, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात हैं. भारत की 2026 अध्यक्षता से जुड़ी जानकारी के अनुसार, ये देश मिलकर दुनिया की करीब 49.5 प्रतिशत आबादी, वैश्विक GDP का लगभग 40 प्रतिशत और विश्व व्यापार का करीब 26 प्रतिशत हिस्सा रखते हैं.
भारत की अध्यक्षता में सहयोग पर जोर
भारत ऐसे समय BRICS की अध्यक्षता कर रहा है, जब वैश्विक अर्थव्यवस्था में बिखराव, तकनीकी बदलाव, भू-राजनीतिक अनिश्चितता, जलवायु परिवर्तन और संसाधनों का दबाव बढ़ रहा है. भारत का जोर BRICS के बढ़े हुए प्रतिनिधित्व को ठोस सहयोग में बदलने पर है. साथ ही अलग-अलग हितों वाले सदस्य देशों के बीच सहमति बनाने और मौजूदा तंत्र को अधिक प्रभावी करने की कोशिश है. Business Forum इसी दिशा में अहम भूमिका निभा रहा है.