menu-icon
India Daily

नई राह पर BJP? नितिन नवीन की टीम में होगी जेन-Z की एंट्री; महिलाओं की संख्या पर भी नजर

बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन की नई केंद्रीय टीम का ऐलान इसी सप्ताह होने की संभावना है. आगामी विधानसभा चुनावों से लेकर 2029 के लोकसभा चुनाव तक की रणनीति को ध्यान में रखते हुए टीम में युवा और अनुभवी नेताओं को जगह देने की तैयारी है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
नई राह पर BJP? नितिन नवीन की टीम में होगी जेन-Z की एंट्री; महिलाओं की संख्या पर भी नजर
Courtesy: ANI

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को जिम्मेदारी संभाले करीब सात महीने पूरे हो चुके हैं, लेकिन उनकी नई केंद्रीय टीम का इंतजार अब भी जारी है. माना जा रहा है कि नितिन नवीन की टीम की घोषणा इसी सप्ताह हो सकती है. 

गृह मंत्री अमित शाह ने मानसून सत्र के दौरान कई वरिष्ठ और प्रमुख नेताओं से अलग-अलग मुलाकात की. इनमें कैलाश विजयवर्गीय, नवनीत राणा, रेखा शर्मा और उज्ज्वल निकम जैसे नाम शामिल रहे. इन बैठकों को नई केंद्रीय टीम के गठन की कवायद से जोडकर देखा जा रहा है.

38 पदाधिकारियों वाली टीम पर मंथन

नितिन नवीन की केंद्रीय टीम में अधिकतम 38 पदाधिकारियों को जगह मिल सकती है. प्रस्तावित ढांचे में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, 8 राष्ट्रीय महामंत्री, एक संगठन महामंत्री, 15 राष्ट्रीय मंत्री और एक राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष शामिल होंगे. इसके अलावा पार्टी के विभिन्न मोर्चों के राष्ट्रीय अध्यक्षों की भी घोषणा की जानी है. इनमें युवा मोर्चा, ओबीसी मोर्चा और अल्पसंख्यक मोर्चा समेत अन्य संगठन शामिल हैं. बीजेपी के संगठनात्मक नियमों के तहत महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है. ऐसे में 38 पदाधिकारियों में कम से कम 13 महिलाओं को जगह देना जरूरी होगा.

चुनावी राज्यों के नेताओं पर खास नजर

नई टीम का गठन आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखकर किया जा रहा है. पार्टी ने लगभग हर राज्य से दो-दो संभावित नेताओं के नामों पर विचार किया है, जिनमें से चयनित नेताओं को केंद्रीय संगठन में जिम्मेदारी दी जा सकती है. अगले साल उत्तर प्रदेश के साथ-साथ पंजाब, उत्तराखंड, गोवा, मणिपुर, हिमाचल प्रदेश और गुजरात में भी चुनाव होने हैं. ऐसे में इन राज्यों के नेताओं को केंद्रीय टीम में प्राथमिकता मिलने की संभावना है. नितिन नवीन ने पिछले सात महीनों में कई राज्यों का दौरा कर कार्यकर्ताओं और नेताओं से संवाद किया है. इसी दौरान संभावित चेहरों की पहचान भी की गई है.

युवाओं को बड़ी जिम्मेदारी मिलने के संकेत

नितिन नवीन की टीम में युवा नेताओं को अहम जिम्मेदारियां मिलने की संभावना जताई जा रही है. युवाओं की बदलती राजनीतिक सोच और उनकी बढ़ती भागीदारी को देखते हुए बीजेपी संगठन में नई पीढी के चेहरों को आगे लाने की तैयारी कर रही है. हाल के वर्षों में युवाओं से जुडे आंदोलनों और मुद्दों ने राजनीति को प्रभावित किया है. ऐसे में पार्टी संगठन में ऐसे नेताओं को शामिल करना चाहती है, जो युवा मतदाताओं की सोच और प्राथमिकताओं को बेहतर तरीके से समझ सकें. वहीं, संगठन में अनुभव की कमी न हो, इसके लिए वरिष्ठ नेताओं को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दिए जाने की संभावना है.