'हमला इसलिए किया गया क्योंकि उन्होंने गांधी परिवार को नहीं, बल्कि भारत को प्राथमिकता दी', BJP ने शशि थरूर का किया बचाव
कांग्रेस नेता उदित राज ने शशि थरूर पर निशाना साधते हुए कहा कि वे भाजपा के सुपर प्रवक्ता हैं, क्योंकि उन्होंने कहा था कि भारत ने 2016 में पहली बार नियंत्रण रेखा पार की थी.
भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बुधवार (28 मई) को कांग्रेस सांसद शशि थरूर का बचाव करते हुए उनकी ही पार्टी के नेता उदित राज की टिप्पणियों की कड़ी निंदा की. BJP ने आरोप लगाया कि थरूर को राष्ट्रीय हित को गांधी परिवार से ऊपर रखने के कारण उनकी पार्टी द्वारा निशाना बनाया जा रहा है.
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, कांग्रेस नेता उदित राज ने X पर थरूर की उस टिप्पणी की आलोचना की थी, जिसमें उन्होंने कहा था कि भारत ने 2016 में पहली बार नियंत्रण रेखा (LoC) पार की थी. उदित राज ने थरूर को "BJP का सुपर प्रवक्ता" करार देते हुए कहा कि उन्होंने कांग्रेस के इतिहास को कमतर किया.
BJP का कांग्रेस पर हमला
इधर, BJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने उदित राज की टिप्पणियों पर तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा, "शशि थरूर पर राहुल गांधी के इशारे पर हमला किया जा रहा है क्योंकि उन्होंने भारत को पहले रखा, न कि (गांधी) परिवार को. उन्होंने राष्ट्रीय हित की बात की, न कि अपनी पार्टी के हित की. उन्हें इसलिए निशाना बनाया जा रहा है क्योंकि उन्होंने वोट बैंक की राजनीति से ऊपर राष्ट्रीय नीति को रखा.
पूनावाला ने PTI से कहा, "आज कांग्रेस, पाकिस्तान के DG ISPR (अहमद शरीफ चौधरी) की तरह बोलते हुए अपने ही नेता (शशि थरूर) पर मिसाइलें दाग रही है. यह पाकिस्तान के खिलाफ एक शब्द नहीं बोलेगी और उसे क्लीन चिट देगी.
जानिए थरूर पर क्यों भड़के कांग्रेस नेता?
केरल से कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने पनामा में एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि भारत ने 2016 में उरी में सर्जिकल स्ट्राइक के दौरान पहली बार LoC पार की थी. थरूर भारत सरकार के प्रतिनिधि के रूप में बोल रहे थे, जो पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान के आतंकवाद से संबंधों के खिलाफ भारत का पक्ष रखने के लिए विभिन्न देशों में बहुदलीय प्रतिनिधिमंडल भेज रही थी.
उदित राज का थरूर पर हमला
उदित राज ने X पर लिखा, "मेरे प्यारे शशि थरूर, काश! मैं पीएम मोदी को आपको BJP का सुपर प्रवक्ता घोषित करने और भारत लौटने से पहले विदेश मंत्री बनाने के लिए मना पाता. आपने यह कहकर कांग्रेस के स्वर्णिम इतिहास को कमतर कर दिया कि मोदी से पहले भारत ने कभी LoC और अंतरराष्ट्रीय सीमा पार नहीं की. उन्होंने आगे कहा, "1965 में भारतीय सेना ने लाहौर सेक्टर में कई बिंदुओं पर पाकिस्तान में प्रवेश किया, जिसने पाकिस्तानियों को चौंका दिया. 1971 में भारत ने पाकिस्तान को दो टुकड़ों में बांट दिया और UPA सरकार के दौरान कई सर्जिकल स्ट्राइक हुए, लेकिन इनका राजनीतिक लाभ लेने के लिए ढोल नहीं पीटा गया."