IPL 2026 West Bengal Assembly Election 2026 Assembly Election 2026 US Israel Iran War Tamil Nadu Assembly Election 2026

अब भारत दोजो यात्रा निकालेंगे राहुल गांधी? Jiu-Jitsu और Aikido का वीडियो शेयर करके बताया प्लान

Bharat Dojo Yatra: राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर राहुल गांधी ने अपनी एक और संभावित यात्रा का ऐलान कर दिया है. इसका नाम 'भारत दोजो यात्रा' रखा गया है. राहुल गांधी ने खुद इसका वीडियो भी शेयर किया है जिसमें वह कुछ बच्चों को टिप्स देते नजर आ रहे हैं.

Rahul Gandhi X Handle
India Daily Live

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपनी भारत जोड़ो यात्रा से एक नई पहचान बनाई है. पहले वह दक्षिण से उत्तर की ओर चले फिर पूर्व से पश्चिम की यात्रा की. इस दौरान वह समाज के तमाम वर्गों से मिलते रहे. अब राहुल गांधी ने राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर एक वीडियो जारी करके बताया है कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान कैंप साइट पर हर दिन जिउ-जित्सू की प्रैक्टिस की जाती थी. उन्होंने इसका वीडियो भी शेयर किया है. साथ ही, यह भी बताया है कि जल्द ही 'भारत दोजो यात्रा' शुरू होने वाली है.

अपने इस वीडियो के कैप्शन में राहुल गांधी ने लिखा है, 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान हम हर शाम को कैंपसाइट पर जिउ-जित्सू (Jiu-Jitsu) की प्रैक्टिस करते थे. फिट रहने के लिए छोटे स्तर पर शुरू हुई यह एक्टिविटी जल्द ही कम्युनिटी एक्टिविटी बन गई और इसमें सहयात्रियों के साथ-साथ मार्शल आर्ट्स के युवा स्टूडेंट भी आने लगे.'

राहुल ने आगे लिखा है, 'हमारा मकसद था कि इन युवाओं के दिमाग में 'जेंटल आर्ट' को पहुंचाया जाए. इसमें जिउ-जित्सू, आइकिडो और अहिंसक कन्फ्लिक्ट रेजॉलूशन टेक्नीक का मिश्रण होता है. हमारा लक्ष्य इन युवाओं में जेंटलनेस की स्थापना करने और एक सुरक्षित समाज बनाने की सीख देने का था. इस राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर मैं अपना अनुभव आप सबके साथ शेयर कर रहा हूं और उम्मीद है कि आप में से कुछ लोग जेंटल आर्ट की प्रैक्टिस करेंगे. भारत दोजो यात्रा जल्द ही शुरू हो रही है.'

दोजो यात्रा क्या है?

जोड़ो से ठीक उलट लगने वाले इस शब्द का मतलब भी राहुल गांधी के इस वीडियो में बताया गया है. उनके मुताबिक, दोजो का मतलब 'प्रैक्टिस करने की जगह' है. इसी वीडियो के आखिर में यह भी बताया गया है कि जल्द ही आपके पास के 'दोजो' में मुलाकात होगी. वीडियो के कैप्शन में लिखा गया है कि जल्द ही भारत दोजो यात्रा शुरू हो रही है. हालांकि, अभी इसके बारे में यह नहीं बताया गया है कि यह यात्रा किस तरह की होगी और इसका समय क्या होगा.

इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक जिउ-जित्सू ट्रेनर के साथ खड़े राहुल गांधी ने बताया कि वह आइकिडो करते हैं, जिसमें वह ब्लैक बेल्ट हैं और जिउ-जित्सू में वह ब्लू बेल्ट हैं. इसमें राहुल गांधी ने बताया, 'हम आपको इन आर्ट्स का कॉम्बिनेशन सिखाएंगे.' राहुल गांधी ने युवाओं को इन खेलों के टिप्स भी दिए और अपना अनुभव भी बांटा.