'किसी हाल में अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं', आधी रात हावड़ा स्टेशन के बाहर चला बुलडोजर, देखते ही देखते साफ हो गया सालों पुराना कब्जा
पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के साथ ही अतिक्रमण के खिलाफ एक्शन शुरू हो गया है. हावड़ा स्टेशन के बाहर अतिक्रमण हटाने को लेकर बड़े स्तर पर बुलडोजर एक्शन किया गया है.
कोलकाता: पश्चिम बंगाल में बुलडोजर एक्शन शुरू हो गया है. शनिवार देर रात हावड़ा रेलवे स्टेशन के बाहर अतिक्रमण हटाने के लिए बड़े स्तर पर कार्रवाई की गई. हालांकि इस कार्रवाई को हालिया राजनितिक बदलाव और BJP सरकार बनने के बाद बंगाल में सबसे बड़ी बुलडोजर कार्रवाई में से एक बताया जा रहा है. राज्य भर में मौजूद अवैध निर्माणों के खिलाफ अधिकारियों ने कार्रवाई शुरू कर दी है.
अवैध दुकानों और अस्थाई ढांचों पर चला बुलडोजर
अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार उन अवैध निर्माणों, दुकानों, अस्थाई ठेलों और ढांचों को हटाने के लिए बुलडोजर का इस्तेमाल किया गया है जो सालों से सरकारी जमीन पर काबिज हैं. इस पूरे अभियान के दौरान हावड़ा रेलवे स्टेशन के बाहर गंगा घाट, बस स्टैंड, पुटपाथों और सड़कों के किनारे के इलाकों को खाली कराया गया है. इस जमीन पर सालों से अवैध कब्जा था जिससे यात्रियों को आने जाने में भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था.
अवैध दुकानों से परेशान थे लोग
स्थानीय निवासियों का कहना है फुटपाथ और सड़कों पर अवैध रूप से धंधा करने वालों के कारण रास्ते में रुकावट होती थी. इसी अवैध कब्जे के कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था. उन्होंने बताया कि अवैध कब्जे के खिलाफ चलाए गए इस अभियान के बाद इलाके में ट्रैफिक सुचारू हो गया है. लोग इस कार्रवाई को हावड़ा स्टेशन के पास अब तक की सबसे बड़ी कारबाई बता रहे हैं.
यहां देखें वीडियो
आरपीएफ और हावड़ा सिटी पुलिस का जॉइंट ऑपरेशन
आरपीएफ, आईओडब्ल्यू और हावड़ा सिटी पुलिस द्वारा जॉइंट ऑपरेशन चलाया गया. तोड़फोड़ के काम के दौरान किसी भी विरोध या अशांति को रोकने के लिए घटनास्थल पर भारी पुलिस बल तैनात किए गए थे. पूरे इलाके को कड़ी सुरक्षा घेरे में रखा गया था. अधिकारियों स्पष्ट कर दिया है कि सार्वजनिक जमीन पर अवैध कब्जा किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. इसके साथ ही अधिकारियों ने ये भी कहा कि भविष्य में भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे.